अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को वक्फ संशोधन बिल राज्यसभा में पेश किया। 12 घंटा चर्चा होने के बाद बुधवार को यह बिल लोकसभा में पास हुआ था। आज राज्यसभा में इस बिल पर 8 घंटे चर्चा होगी।
राज्यसभा में इस समय सांसदों की संख्या 236 हैं। सरकार को समर्थन के लिए 119 सांसदों के समर्थन की जरूरत पड़ती है। राज्यसभा में बिहार के सांसदों की संख्या 16 है।
जेडीयू सांसद संजय झा ने संसद परिसर में कहा कि, ‘कल की बहस के बाद जो भ्रम था, वह दूर हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण के बाद सारा भ्रम दूर हो गया है।
जदयू सांसद ने कहा, ‘जो लोग मुसलमानों में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे थे, अब लोग उन्हें समझ रहे हैं।’
‘बिहार में पसमांदा मुसलमान की आबादी सबसे अधिक है। हमने जाति गणना करवाई है। हमारे पास डेटा है। बड़ी आबादी के बाद भी पसमांदा मुस्लिमों को वक्फ बोर्ड में प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया।’
बिहार में 2 अक्टूबर 2023 में हुए जातीय सर्वे के मुताबिक मुसलमानों की आबादी 2 करोड़ 31 लाख 49 हजार 925 हैं। इसमें 73 फीसदी बैकवर्ड क्लास के हैं। जिन्हें पसमांदा मुसलमान भी कहा जाता है।







