बिहार में बीते लंबे समय से मंत्रिमंडल विस्तार पर लगा ब्रेक हट सकता है। खबर है कि जल्द ही नीतीश कुमार की अगुवाई में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। आपको बता दें कि अभी बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कुल 9 मंत्री हैं। इनमें 2 सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा डिप्टी सीएम हैं। इनके अलावा बीजेपी के डॉ.प्रेम कुमार, जदयू के विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, हम के संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय सुमित कुमार सिंह शपथ ले चुके हैं।
इस तारीख को हो सकता है विस्तार
सूत्रों के हवाले से खबर आई है कि बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार 15 मार्च की तारीख को हो सकता है। माना जा रहा है कि इस विस्तार में सदन के सदस्यों की संख्या के अनुसार सरकार में मुख्यमंत्री सहित कुल 36 मंत्री बन सकते हैं।
फिलहाल ब्रिटेन दौरे पर हैं सीएम नीतीश कुमार
फिलहाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ब्रिटेन के दौरे पर है जो आज सम्पात हो रहा है . ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम के. दोराइस्वामी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पटना में निर्माणाधीन डॉ एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि वो पटना में निर्माणाधीन साइंस सिटी को विश्वस्तरीय बनाना चाहते हैं। ताकि विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों खासकर ऐतिहासिक और समृद्धशाली अतीत को धारण करने वाली पुण्य भूमि बिहार और पाटलिपुत्र की भूमिका को भी याद कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने लंदन साइंस म्यूजियम के दौरे के बारे में भी अनुभवों को साझा किया।
साइंस सिटी के निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा
भारतीय उच्चायुक्त विक्रम के. दोराइस्वामी ने खगोलीय गणना और गणितीय विश्लेषण के क्षेत्र में प्राचीन बिहार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार ने पूरी दुनिया को इस क्षेत्र में ज्ञान की रोशनी दिखाई है। बिहार में नई साइंस सिटी में इससे जुड़ी जानकारियां और सामग्रियां लोगों को अपने गौरवशाली अतीत से रु-ब-रु कराएगी। भारतीय उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री को साइंस सिटी के निर्माण में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने ब्रिटेन दौरे के क्रम में स्कॉटलैंड में जल संसाधन के क्षेत्र में किए जा रहे इनोवेशन की जानकारी ली। प्राकृतिक रूप से जल संसाधन की प्रचुरता वाले इस प्रदेश में उन्होंने जल के बेहतर इस्तेमाल के विषय में उच्चायुक्त से चर्चा की। उन्होंने जाना कि पेयजल के रूप में नब्बे प्रतिशत घरों में किस तरह से इसकी आपूर्ति की जा रही है। स्कॉटलैंड में जल संचयन और जल को संसाधन के रूप में कैसे बेहतर प्रयोग किया जा सकता है, इसे लेकर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से जानकारी ली।
वाटर मैनेजमेंट टेक्नोलॉजी के बारे में जानकारी ली
बिहार कृषि प्रधान राज्य है और यहां भी पानी की प्रचुरता है। उन्होंने वाटर मैनेजमेंट के संबंध में नवीन प्रयोगों को बिहार में भी अमल में लाने को लेकर चर्चा की। उच्चायुक्त ने मुख्यमंत्री के जल-जीवन-हरियाली अभियान की प्रशंसा की और जल संसाधन के बेहतर प्रबंधन को लेकर बिहार के गंभीर प्रयासों की चर्चा की। मुख्यमंत्री का ब्रिटेन दौरा कई अर्थों में बिहार की प्रगति का नया अध्याय होगा। मुख्यमंत्री का ये दौरा जहां साइंस सिटी को विश्व पटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा। वहीं, हर साल बाढ़ और सुखाड़ से प्रभावित होने वाले बिहार के लिए बेहतर जल प्रबंधन में भी मदद मिलेगी।
वहीं, नीतीश कुमार के साथ गए पदाधिकारियों के दल (Delegation) ने लंदन दौरे के दौरान स्कॉटलैंड के ग्लॉसगो साइंस सेंटर को देखा। पटना में निर्माणाधीन डॉ ऐपीजे अब्दुल कलाम साइंस सेंटर को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के उद्देश्य से डेलीगेशन ने ग्लास्गो साइंस सेंटर का दौरा किया। एक-एक चीज का गहराई से अध्ययन किया। ग्लॉसगो स्कॉटलैंड का सबसे बड़ा शहर है। पैसिफिक क्षेत्र में ग्लॉसगो साइंस सेंटर स्थित है। यहां तीन प्रमुख इमारतों में विज्ञान केंद्र का निर्माण किया गया है। ग्लासगो साइंस सेंटर आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र है, जो कि स्कॉटलैंड के ग्लासगो में क्लाइड नदी के दक्षिणी तट पर क्लाइड वाटरफ्रंट रीजेनरेशन क्षेत्र में स्थित है। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा 5 जुलाई 2001 को ग्लासगो साइंस सेंटर लोगों के लिए खोला गया था।
जल-जीवन-हरियाली अभियान की प्रशंसा
साथ ही सीएम के जल-जीवन-हरियाली अभियान की प्रशंसा की और जल संसाधन के बेहतर प्रबंधन को लेकर बिहार के गंभीर प्रयासों की चर्चा की। ब्रिटेन दौरे के दौरान नीतीश कुमार ने स्कॉटलैंड में जल संसाधन के क्षेत्र में किए जा रहे नव प्रवर्तनों की जानकारी भी ली। उन्होंने जाना कि पेयजल के रूप में 90 प्रतिशत घरों में किस तरह से इसकी आपूर्ति की जा रही है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद संजय झा भी मौजूद रहे।
सीएम नीतीश को किया सम्मानित
लंदन दौरे के दौरान यूके सेवा दल के जत्थेदार बाबा मोहिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिहार में सिखों को बढ़ाने में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अहम भूमिका है। 350वां प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन कराकर पूरी दुनिया के सिखों का दिल जीत लिया। राजगीर में भव्य गुरुद्वारा का निर्माण भी इनके ही प्रयासों से ही संभव हो सका है।