बांकीपुर में चुनाव प्रचार अब उस चरण में पहुंच गया है, जहां हर दल ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहा है. इसी बीच राजद ने अपने सबसे बड़े चेहरे तेजस्वी यादव को मैदान में उतारने का फैसला किया है. तेजस्वी यादव बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार दो दिन क्षेत्र में रोड शो और जनसंपर्क करेंगे. इसका उद्देश्य केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाना नहीं, बल्कि सीधे मतदाताओं तक महागठबंधन का संदेश पहुंचाना भी है. तेजस्वी यादव का पूरा अभियान महागठबंधन प्रत्याशी रेखा कुमारी उर्फ रेखा गुप्ता के पक्ष में केंद्रित रहेगा. राजद की कोशिश है कि चुनाव के अंतिम चरण में प्रत्याशी के मुकाबले पार्टी का चेहरा और संगठन दोनों ज्यादा प्रभावी तरीके से सामने आएं. इसके लिए स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी अभियान में सक्रिय किया गया है.
27 जुलाई को तेजस्वी यादव का रोड शो
तेजस्वी यादव का कारवां दोपहर करीब एक बजे मीठापुर स्थित चुनाव कार्यालय से निकलेगा. इसके बाद उनका काफिला चांदपुर बेला, सिपारा, विग्रहपुर, पोस्टल पार्क, चिरैयाटांड़ पुल, गोरियाटोली, लालजी टोला, पीरमुहानी, उमा सिनेमा, आयुर्वेदिक कॉलेज, लोहानीपुर, साहित्य सम्मेलन, दरियापुर, खेतान मार्केट और बिरला मंदिर होते हुए शाम करीब छह बजे सब्जीबाग चौराहे पर समाप्त होगा. इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों के स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
28 जुलाई को बोरिंग रोड और किदवईपुरी में जनसंपर्क
राजद की ओर से बताए गए कार्यक्रम के अनुसार, प्रचार के अंतिम दिन यानी मंगलवार को तेजस्वी यादव सुबह 10:30 बजे पुराना हड़ताली मोड़ से दूसरे चरण का रोड शो शुरू करेंगे. इसके बाद पहलवान मार्केट, बोरिंग रोड, बोरिंग रोड चौराहा, राजापुर पुल, दुजरा मस्जिद, पुलिस लाइन चौराहा, लोदीपुर मेन रोड, चीना कोठी, उत्तरी मंदिर, इनकम टैक्स गोलंबर और किदवईपुरी होते हुए दोपहर करीब तीन बजे चकरम देवी मंदिर के पास कार्यक्रम संपन्न होगा.
रोड शो के दौरान जनसभा भी करेंगे तेजस्वी
जानकारी के अनुसार, रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित करेंगे और राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी गुप्ता के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। रोड शो का समापन शाम करीब 6 बजे सब्जीबाग चौराहे पर होगा। पूरे कार्यक्रम में राजद कार्यकर्ताओं, महागठबंधन के नेताओं और बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
प्रचार के आखिरी दौर में राजद का बड़ा दांव
30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले चुनाव प्रचार के लिए अब बेहद कम समय बचा है। प्रचार 28 जुलाई की शाम को थम जाएगा। ऐसे में प्रचार के आखिरी 48 घंटों में तेजस्वी यादव का रोड शो राजद का सबसे बड़ा चुनावी दांव माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि तेजस्वी यादव की मौजूदगी से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा और शहरी मतदाताओं के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत होगी।
शहरी सीट पर मुकाबले को लेकर बढ़ी सक्रियता
बता दें कि बांकीपुर पटना की महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों में शामिल है और यहां चुनावी मुकाबला हमेशा राजनीतिक दलों के लिए खास महत्व रखता है. शहरी प्रबुद्ध वर्ग के मतदाताओं वाली इस सीट पर अंतिम समय में जनसंपर्क अभियान की भूमिका अहम मानी जाती है. यही वजह है कि महागठबंधन अब बड़े रोड शो के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने पर जोर दे रहा है.
आखिरी दो दिन में मुद्दों पर रहेगा जोर
तेजस्वी के जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय समस्याओं और रोजगार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने की संभावना है. महागठबंधन की रणनीति है कि चुनाव के अंतिम 48 घंटे में मतदाताओं के बीच अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया जाए. साथ ही कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रखने की तैयारी है, ताकि प्रचार खत्म होने के बाद मतदान के दिन संगठन पूरी क्षमता से काम कर सके.
अब नजर वोट में बदलने की रणनीति पर
बांकीपुर में चुनाव प्रचार का शोर अब जल्द थम जाएगा, लेकिन राजनीतिक दलों के लिए असली चुनौती अपने समर्थन को वोट में बदलने की होगी. तेजस्वी यादव की लगातार दो दिन की मौजूदगी को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. अब देखना होगा कि अंतिम दौर में महागठबंधन का यह आक्रामक अभियान रेखा गुप्ता के पक्ष में कितना असर पैदा करता है और मतदान के दिन उसका कितना फायदा मिलता है.