बिहार में मानसून एकबार फिर एक्टिव हो रहा है। आज से 4 अक्टूबर के बीच मानसून के सक्रिय होने से अच्छी बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान राजधानी पटना समेत राज्य के अधिकतर हिस्से में बारिश के आसार हैं। दक्षिण बिहार के अधिकतर स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं, मौसम विभाग में आज प्रदेश के सभी 38 जिलों में बारिश के साथ-साथ आकाशीय बिजली की भी संभावनाएं जताई है। वहीं चार जिले कैमूर, गया, औरंगाबाद और रोहतास में भारी बारिश को लेकर के अलर्ट जारी किया गया है।
बगहा में गंडक के कटाव से लोगों में दहशत है। वार्ड नंबर 15 पर नदी का दबाब बढ़ गया है। ये इलाका नेशनल हाईवे से 100 मीटर की दूरी पर है। इधर सीतामढ़ी में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सीतामढ़ी सबसे गर्म जिला रहा।
पहले मौसम की कुछ तस्वीरें देखिए…





गंडक का बगहा शहर की तरफ बढ़ा कटाव
बगहा में गंडक नदी तेजी से कटाव करते हुए वार्ड नंबर 15 पर दबाव बना रही है। यहां से 100 मीटर की दूरी पर नेशनल हाईवे है। जबकि 90 मीटर दूर लोगों के घर हैं। बीती रात से गंडक कटाव शुरू हुआ है, हालांकि जल स्तर में तेजी से गिरावट आई है। बताया जा रहा है कि नदी के दूसरे किनारे में सिल्ट है, जिसके कारण नदी शहर की तरफ दबाव बना रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात को कटाव शुरू हुआ था, अब तक 15 चौड़ाई और 50 फीट लंबाई में गंडक कटाव कर चुकी है।
इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने पटना, गया, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, भोजपुर, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, बारिश के साथ आकाशीय बिजली को लेकर भी अलर्ट है।
4 अक्टूबर तक होगी अच्छी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पूर्वोत्तर और इससे सटे पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र चक्रवती परिसंचरण के साथ समुद्र तल से 7.2 किलोमीटर ऊपर तक स्थित है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों के दौरान चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में परिवर्तित होकर उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तरी उड़ीसा और आसपास के पश्चिम बंगाल तट की ओर बढ़ने की संभावना है। इस कारण बिहार में 01 अक्टूबर यानी आज से भारी बारिश की संभावना है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी पटना में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने पटना के एक या दो स्थानों पर वज्रपात होने की भी आशंका जताई गई है। आज पटना में 11-18 KM/H की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शाम को हवा के साथ बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री तो न्यूनतम 27 डिग्री रहने की उम्मीद जताई गई है। शनिवार को पटना व आसपास इलाकों में दोपहर बाद हल्की वर्षा होने से मौसम सुहाना बना गया।







