बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कथित तौर पर ईमेल के जरिए धमकी मिलने का मामला सामने आया है. सामने आए ईमेल में मुख्यमंत्री के साथ-साथ पटना सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास का जिक्र करते हुए बम धमाके की धमकी दी गई है. इसके अलावा ईमेल में संजय वर्मा नाम के एक व्यक्ति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं और उन्हें पटना में जान से मारने की धमकी दी गई है.
सामने आए ईमेल के अनुसार, संदेश 21 जुलाई की सुबह भेजा गया है. इसमें खुद को खालिस्तान समर्थक बताने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का नाम लेते हुए दावा किया है कि संजय वर्मा बिहार में छिपे हुए हैं. ईमेल में आरोप लगाया गया है कि संजय वर्मा ने खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या करवाई थी। हालांकि, ईमेल में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
ईमेल में पटना सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास का जिक्र करते हुए कथित बम धमाके की धमकी भी दी गई है. साथ ही संजय वर्मा को पटना में तलाश कर मारने की धमकी लिखी गई है. संदेश में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए हैं. मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. ईमेल की सत्यता, उसके स्रोत और भेजने वाले की पहचान की जांच की जा रही है. साइबर विशेषज्ञ भी यह पता लगाने में जुटे हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसका हाथ है.







