बिहार सरकार ने मुस्लिम कर्मचारियों को रमजान के महीने में रियायत दी है। इस पर भाजपा काफी आक्रोशित है। बिहार विधानसभा बजट सत्र में इस पर हंगामे के पूरे आसार हैं। सत्र के दौरान इस बात को लेकर भाजपा पुरजोर विरोध करने वाली है कि आखिर बिहार सरकार इस तरह के फैसले क्यों ले रही है?
दरअसल, बिहार सरकार ने मुस्लिम सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों को एक घंटा पहले आने-जाने की रियायत दी है। यह व्यवस्था रमजान के पूरे एक महीने रहेगी। इस बात को लेकर भाजपा काफी आक्रोशित है और विधानसभा की बैठक में इस पर हंगामा निश्चित है।
रामनवमी की छुट्टी रद्द क्यों
इस बात को केंद्र के मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह के ट्वीट ने और तूल दे दिया है। गिरिराज ने ट्वीट कर कहा कि क्या वोट के ख़ातिर नीतीश सरकार के नेतृत्व में बिहार इस्लामिक स्टेट की ओर बढ़ गया है। सीमांचल के स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी, रमजान पर विशेष सुविधा दी जाती है। लेकिन, रामनवमी की छुट्टी रद्द कर दी जाती है?
3 विभागों के ध्यानाकर्षण पर जवाब होगा
सोमवार को हंगामे के बीच विधानसभा में पहली पाली में प्रश्नोत्तर काल में अनुसूचित और तारांकित प्रश्न लिए जाएंगे। इसके अलावा शून्य काल के भी प्रश्न किए जाएंगे। इस दौरान 3 विभागों के ध्यानाकर्षण पर सरकार का जवाब होगा। जिसमें सरकार शिक्षा विभाग, पशु पालन विभाग और जल संसाधन विभाग पर जवाब देगी।
दूसरी पाली में वित्तीय कार्य लिए जाएंगे। जिसमें पथ निर्माण विभाग पंचायती राज विभाग कला संस्कृति विभाग अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण विभाग बजट अनुदान मांग पर चर्चा होगी। इसके अलावा इन सभी विभागों पर कटौती प्रस्ताव पेश किए जाएंगे।







