बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में काउंटिंग का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। उपचुनाव की मतगणना तीन अगस्त यानी सोमवार को एएन कॉलेज में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। वोटों की गिनती को सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। मतगणना की समाप्ति तक कई मुख्य मार्गों पर सामान्य और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूर्व विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने और इस्तीफे के बाद खाली हुई इस सीट पर मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की नजरें नतीजों पर टिकी हैं।’
सबकी नजर बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों पर
रिकॉर्ड कम मतदान के बावजूद बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। भाजपा अपनी प्रतिष्ठा बचाने की कोशिश में है, जबकि प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के लिए यह चुनाव राजनीतिक ताकत की बड़ी परीक्षा है। ऐसे में कल आने वाला नतीजा न केवल बांकीपुर की राजनीति, बल्कि बिहार की आगामी राजनीतिक दिशा के लिए भी महत्वपूर्ण संकेत दे सकता है।
रिकॉर्ड कम मतदान ने बढ़ाई उत्सुकता
चुनाव आयोग के अनुसार, बांकीपुर उपचुनाव में 34.30 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यह नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में हुए 41.10 प्रतिशत मतदान की तुलना में करीब 7 प्रतिशत कम है और इस सीट पर अब तक का सबसे कम मतदान माना जा रहा है। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 2.90 लाख मतदाता हैं। इनमें से करीब 99 हजार से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि लगभग 65.70 प्रतिशत मतदाता मतदान केंद्र तक नहीं पहुंचे।
त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाई राजनीतिक सरगर्मी
इस उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व विधायक एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया। वहीं राजद ने रेखा गुप्ता पर दांव लगाया, जबकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव मैदान में उतरे। चुनाव प्रचार के दौरान तीनों दलों ने पूरी ताकत झोंकी और कई बड़े नेताओं ने भी जनसभाएं व रोड शो किए।
मतदान के दिन क्या-क्या हुआ
30 जुलाई को सुबह मतदान की शुरुआत काफी धीमी रही। पहले कुछ घंटों में मतदान प्रतिशत बेहद कम रहा। शुरुआती समय में उमस और हल्की बारिश के कारण कई बूथों पर मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दी। दोपहर के बाद मतदान में कुछ तेजी आई, लेकिन अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा और शाम तक मतदान का प्रतिशत 34.30 पर ही सिमट गया।
मतदान के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सभी बूथों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल, बिहार पुलिस और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई और अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
बोरिंग रोड एरिया में रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
3 अगस्त को बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा मोहनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग और पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सामान्य वाहन नहीं चल सकेंगे। राजापुर पुल से हड़ताली मोड़ तक व्यावसायिक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि शिवपुरी रेलवे क्रॉसिंग से एएन कॉलेज दुर्गा मंदिर मोड़ तक सामान्य यातायात पर रोक रहेगी।
प्रत्याशी, एजेंट और मीडिया वाहनों के लिए पार्किंग
- काउंटिंग एजेंट: नेहरू पथ (बेली रोड) और हड़ताली चौक से अटल पथ होकर एएन कॉलेज के पीछे तक पहुंचेंगे।
- पाटलिपुत्र गोलंबर से आने वाले वाहन: सहयोग अस्पताल के पास खाली मैदान में पार्क होंगे, जहां से एजेंट पैदल जाएंगे।
- कैंडिडेट: नेहरू पथ/हड़ताली मोड़ से आने वाले वाहन तपस्या मोड़ तक आएंगे और सहदेव महतो मार्ग में पार्क होंगे।
- कुर्जी/पाटलिपुत्र मार्ग: अभ्यर्थियों की कार पानी टंकी मोड़ तक आएगी और अटल पथ की एक लेन में पार्क होंगे।
- मीडिया ओवी वैन: एएन कॉलेज के बाहर सड़क किनारे निर्धारित स्थान पर पार्क की जाएंगी।
422 बूथों पर 34.30% हुआ था मतदान
बांकीपुर सीट के 422 मतदान केंद्रों पर वोटिंग शांतिपूर्ण संपन्न हुई। कुल 3,79,616 मतदाताओं (2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 छर्ड जेंडर) में से राज्य निर्वाचन कार्यालय अनुसार 34.70% लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया। इस उपचुनाव में भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर सहित 25 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद है।
नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
ये उपचुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट से दिए गए इस्तीफे के कारण हुआ है। सोमवार को एएन कॉलेज में होने वाली मतगणना के साथ ही इस महत्वपूर्ण सीट के नए प्रतिनिधि का नाम का ऐलान हो जाएगा।






