बिहार विधान परिषद चुनाव की डुगडुगी बज चुकी है। चार अप्रैल को सुबह आठ बजे से दोपहर चार बजे तक वोट डाले जाएंगे। जबकि सात अप्रैल को मतगणना होगी। बुधवार से नामांकन शुरू हो जाएंगे। इसके पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। दिल्ली से पार्टी हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद बीजेपी ने कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। चर्चा में रही औरंगाबाद सीट से दिलीप सिंह पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पटना के अटल बिहारी सभागार में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल व अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दिलीप को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी।
अटकलों पर भाजपा ने लगाया विराम
बिहार विधान परिषद की 24 सीटों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में भाजपा 13 तो जनता दल यूनाइटेड (जदयू) 11 सीटों पर चुनाव लड़ रहा है। 13 में से भाजपा अपनी एक सीट केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) को देगी। वैशाली से लोजपा पारस गुट का प्रत्याशी चुनाव मैदान में होगा। इस बीच कई दिनों से चल रही अटकलों पर भाजपा ने मंगलवार को विराम लगा दिया है। पार्टी ने अपने पत्ते खोलते हुए 12 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। औरंगाबाद, दरभंगा और सिवान में फंसा मामला भी सुलझ गया है। औरंगाबाद से दिलीप सिंह पर पार्टी ने भरोसा जताया है। दिलीप को मंगलवार की शाम भाजपा में शामिल कराया जाएगा। वहीं दरभंगा से सुनील चौधरी और सिवान से मनोज सिंह को पार्टी ने टिकट दिया है।
भाजपा के उम्मीदवार
बेगूसराय – रजनीश कुमार
रोहतास एवं कैमूर – संतोष कुमार सिंह
दरभंगा – सुनील चौधरी
पूर्वी चंपारण – बबलू गुप्ता
औरंगाबाद – दिलीप सिंह
समस्तीपुर – तरुण कुमार
किशनगंज – डा. दिलीप जायसवाल
कटिहार – अशोक अग्रवाल
सहरसा – नूतन सिंह
गोपालगंज – आदित्य नारायण पांडेय
सारण – सच्चिदानंद राय
सिवान – मनोज सिंह







