बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में वोटिंग समाप्त होते ही दावों का संसार बसाया जाने लगा। जीत का दावा तो सभी प्रमुख पार्टियां कर रही हैं। पार्टियां अपने-अपने चुनावी समीकरण और संगठन की ताकत पर भरोसा भी कर रही हैं। कोई इसे सत्ता की लहर बता रहा हैं तो कोई इसे बदलाव की लहर बता रहा है। वैसे तो मतदाताओं ने उम्मीदवारों के भविष्य को ईवीएम में बंद कर दिया है।अब 3 अगस्त को पता चल जाएगा कि किसके दावे में है कितना दम…
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का दावा क्या?
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर में जीत तो बीजेपी उम्मीदवार की होगी। विपक्ष तो दूसरे नंबर की लड़ाई लड़ रहा है। नंबर एक पर तो बीजेपी रहेगी और यह पोजीशन पहले से हासिल होती रही है।
कृषि मंत्री ने क्या कहा?
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव काफी शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। लोकतंत्र में पूरे उत्साह के साथ भारी मतदान हुआ।कमल तो हर घर में खिलेगा।
पूर्व मंत्री श्याम रजक ने क्या कहा?
पूर्व मंत्री श्याम रजक ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को ले कर कहा कि कोई संघर्ष ही नहीं है। चुनाव तो एकतरफा है। जीत नीरज कुमार सिन्हा की होगी।
तेजस्वी ने क्या कहा?
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी की करारी हार होने वाली है। रेखा गुप्ता भारी मतों से जीतने वाली है। हर बूथ से फीड बैक मिलने के बाद कह रहा हूं। राजद को सभी तबका, सभी जाति और धर्म का वोट मिला है।
प्रशांत किशोर ने क्या कहा?
जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि हारती हुई भाजपा ने विधायकों, मंत्रियों की फौज उतार दी। फिर मंत्रियों को उतारा। एनडीए के शीर्ष नेताओं को उतारा। और अंत में नीतीश कुमार का फेक वीडियो डाला। लेकिन इस से कुछ नहीं होता। जनसुराज की जीत 200 फीसदी तय हैं।







