मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर के राजेपुर में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के कई सीनियर मंत्री और अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। 19 मई से शुरू हुए ‘सहयोग शिविर’ पहले ही दिन मुजफ्फरपुर में एक दिन में रिकॉर्ड 8,008 आवेदन प्राप्त हुए थे।
मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सोमवार दोपहर बाद तिरहुत रेंज के कमिश्नर गिरीवर दयाल सिंह ने सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद कमिश्नर गिरीवर दयाल सिंह ने बताया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है। उन्होंने जानकारी दी कि शिविर के आयोजन से पहले ही जिला प्रशासन की ओर से दर्जनों मामलों का निपटारा किया जा चुका है। कमिश्नर ने ये भी बताया कि मुख्यमंत्री शिविर में उपस्थित रहेंगे और जनता की शिकायतों को सीधे सुनकर गंभीर मामलों का तुरंत निपटारा किया जाएगा।







