करीब सवा लाख दर्शकों से खचाखच भरे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर जब विराट कोहली ने छक्का मारकर जीत दिलाई तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पूरी टीम मैदान में दौड़ पड़ी। पिछले साल टीम की पहली खिताबी जीत में भी विराट ने सर्वाधिक 43 रन बनाए थे, इस बार भी उनकी 75 रन की नाबाद पारी से बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब पर कब्जा कर लिया।
उससे पहले बेंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस की टीम पर शिकंजा कसते हुए उसे आठ विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया। बेंगलुरु ने पांच विकेट पर 161 रन बनाए।
छोटे स्कोर का पीछा करते हुए बेंगलुरु को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 27 गेंदों पर 62 की साझेदारी करके मेजबान टीम पर दबाव बना दिया। हालांकि अगले ही ओवर में देवदत्त एक रन पर लौट गए। उसके बाद कप्तान रजत पाटीदार (15) और क्रुणाल पांड्या (1) बड़ी पारी नहीं खेल सके। फिर टिम डेविड के साथ कोहली ने 41 रन जोड़ टीम को लक्ष्य के करीब तक पहुंचाया। इस दौरान कोहली ने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के लिए 25 गेंदें लीं। उन्होंने राजस्थान और दिल्ली के खिलाफ 2018 में 26 गेंदों में पचासा लगाया था। अंत में अरशद की गेंद पर उन्होंने टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
इससे पहले बेंगलुरु के गेंदबाजों ने गुजरात टीम की ऐसी गिल्लियां उड़ाईं कि पूरे मैच में वे बाउंड्री के लिए तरसते नजर आए। मध्य ओवरों में बेंगलुरु के गेंदबाजों ने लगातार 40 गेंदों तक कोई बाउंड्री नहीं दी। गेंदबाजों के चक्रव्यूह को गुजरात के बल्लेबाज भेद नहीं पाए।
जैकब डफी ने पहले ही ओवर में 13 रन दे दिए जिससे गुजरात को अच्छी शुरुआत मिल गई, पर फिर रजत पाटीदार ने हेजलवुड और भुवनेश्वर को गेंदबाजी पर लगाकर गुजरात को बैकफुट पर डाल दिया।
सूर्यवंशी के सिर सजा ऑरेंज कैप का ताज
आईपीएल का रोमांच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खत्म हो गया। इस सीजन कई बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिला, लेकिन ऑरैंज कैप की बाजी मारी 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने। राजस्थान टीम के वैभव ने सबसे ज्यादा 776 रन बनाए हैं। 722 रन बनाकर गुजरात के शुभमन गिल दूसरे नंबर पर हैं।
ऑरेंज कैप लीग के अंत में उस बल्लेबाज को दी जाती है जिसने पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। सीजन के दौरान जब मैच चलते हैं तो इसके हकदार बदलते रहते हैं। जो बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने की लिस्ट में पहले नंबर पर रहता है उसके सिर ये कैप सजती है। वैभव ने इस सीजन कमाल की बल्लेबाजी की है। उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया। उन्होंने एलिमिनेटर में 97 और दूसरे क्वालिफायर में 96 रनों की पारी खेली।
वह शतक से चूके और इसका हर किसी को मलाल रहा। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने इस सीजन 16 मैचों में 237.30 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 का रहा।
वैभव (राजस्थान) 776
गिल (गुजरात) 732
साई (गुजरात) 722
विराट (बेंगलुरु) 675
क्लासेन (हैदराबाद) 624
किशन (हैदराबाद) 602
रबाडा (गुजरात) 29
भुवनेश्वर (बेंगलुरु) 28
आर्चर (राजस्थान) 25
राशिद खान (गुजरात) 21 काम्बोज (चेन्नई) 21
मलिंगा (हैदराबाद) 20







