20 सालों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार का पता बदलने जा रहा है। वो 1 अणे मार्ग से 7 सर्कुलर वाले बंगले में शिफ्ट होंगे। पूर्व मुख्यमंत्री के नए पते पर Z+ सिक्योरिटी भी तैनात हो गई है।
नीतीश कुमार ने आज नए बंगले में पूजा की। इस दौरान उनके बेटे निशांत कुमार भी मौजूद रहे। पूजा के लिए बौद्ध भिक्षुओं को बुलाया गया था। पूजा के बाद नीतीश 1 अणे मार्ग लौट गए हैं। कल वे नए बंगले में शिफ्ट होंगे।
सुबह से ही नीतीश कुमार का सामान इस बंगले में शिफ्ट हो रहा था। नए बंगले को फूलों से सजाया गया।
20 सालों में ये दूसरी बार होगा जब नीतीश कुमार CM हाउस छोड़कर 7 सर्कुलर वाले बंगले में शिफ्ट होंगे। 2014 लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने CM पद छोड़ दिया था। जीतनराम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया था। तब वे रहने के लिए 7 सर्कुलर रोड बंगले आ गए थे। करीब 8 महीने इस बंगले में रहे थे।
नीतीश कुमार का 7 सर्कुलर रोड वाले आवास से क्या नाता है? इस बंगले की क्या खासियत है?
7 सर्कुलर रोड होगा नीतीश कुमार का नया आवास
नीतीश कुमार जिस 7 सर्कुलर रोड आवास में गए हैं, उसे उन्होंने अपनी विशेष देखरेख में तैयार किया गया है। इस बंगले की कुछ खास विशेषताएं हैं।
यह बंगला आधुनिक तकनीक से बना है। बड़े भूकंप के झटकों को सहने में सक्षम है। बंगले के लॉन को खास लुक देने के लिए कोलकाता से मंगवाकर घास लगाई गई है। वर्तमान में इस आवास का उपयोग मुख्यमंत्री के कार्यालय (CM Office) के रूप में किया जा रहा था।
लालू प्रसाद यादव के पड़ोसी बने नीतीश कुमार
इस आवास में शिफ्ट होने के बाद नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एक-दूसरे के पड़ोसी बन गए। यहां से राबड़ी आवास बस दो घर बाद है। दोनों बंगलों के बीच की दूरी करीब 200 मीटर होगी। दोनों घर सर्कुलर रोड के दक्षिण तरफ है।







