बिहार-झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। दिल्ली से लेकर बिहार तक लू की मार झेल रहे लोगों के लिए अगले तीन दिन राहत भरे हो सकते हैं। क्षोभमंडल (Troposphere) में बन रहे चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के कारण उत्तर और पूर्वी भारत के 15 राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 29 अप्रैल को बिहार, झारखंड, यूपी और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में मूसलाधार बारिश और 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेष रूप से किसानों और पूर्वी भारत के निवासियों को आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर सावधान किया गया है।
मौसम का बदला मिजाज, आंधी-तूफान का खतरा
पटना सहित पूरे बिहार में बुधवार से प्री-मानसून की गतिविधियां सक्रिय हाेंगी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-पानी के साथ ठनका गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तीन मई तक आंधी-पानी की वजह से लू से राहत रहेगी। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी बुधवार को प्रदेश के 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें 19 जिलों में ऑरेंज और 19 में यलो अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इन जिलों में आकाशीय बिजली, आंधी और कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक किशनगंज, मधुबनी और सीतामढ़ी जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तर बिहार के जिलों में कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और मेघ गर्जन के साथ ठनका गिरने की आशंका है। दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में भी 40-50 किमी की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात का अनुमान है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज
- चक्रवातीय सिस्टम : पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है।
- ट्रफ लाइन : बिहार के पास से होकर एक ट्रफलाइन दक्षिण भारत की ओर जा रही है।
- नमी : अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमीयुक्त हवाएं बिहार पहुंच रही हैं।
पटना में मौसम सुहावना, तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा
राजधानी में मौसम सुहावना बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है। तेज हवा और बादलों की आवाजाही से राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग का कहना है कि पटना समेत आसपास के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
बिहार के कई जिलों में 29 अप्रैल को भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने पटना समेत राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में पटना, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, बक्सर, सारण, गया, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार शामिल है। मूसलाधार बारिश के साथ ही तेज आंधी से फसलों को नुकसान हो सकता है। बिहार में 28 अप्रैल को सबसे अधिक रोहतास जिले के डिहरी में 41 डिग्री टेम्प्रेचर रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 35 डिग्री, जबकि न्यूनतम 23 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार और झारखंड से लेकर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तक चक्रवाती परिसंचरण तंत्र सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि तेज आंधी-तूफान की स्थिति भी बनेगी। असम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं से जान-माल के नुकसान की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
बदलते मौसम को देखते सतर्कता की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने आमलोगों के साथ-साथ किसाननों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ताकि, ज्यादा नुकसान से बचा जा सके।
- खेतों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं।
- आंधी और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें।
- तेज हवाओं की स्थिति में घरों की खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें।
- यात्रा के दौरान जलभराव और कम दृश्यता (Visibility) के प्रति सचेत रहें।
- आकाशीय बिजली (वज्रपात) के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल कम करें।







