पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को बड़ी कानूनी राहत मिली है. दरअसल सांसद पप्पू यादव को पटना के अलग-अलग थानों समेत पूर्णिया में दर्ज तीन मामलों में जमानत मिल गई है. इनमें कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से जुड़े केस भी शामिल हैं. अदालत से बेल मिलने के बाद अब उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है. बता दें, पप्पू यादव को गर्दनीबाग केस में पहले ही राहत मिल चुकी थी.
जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और धरना प्रदर्शन के मामले को लेकर केस किया गया था. बुद्धा कॉलोनी थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया था. वहीं कोतवाली थाने के 2 मामले एक 2017 और 2019 के मामले में थे, जो धरना प्रदर्शन से जुड़े थे. इन मामलों को लेकर पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में थे और उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी. शुक्रवार को अदालत ने तीनों मामलों में उन्हें राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली. कोर्ट के फैसले के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है.
औपचारिक प्रक्रिया के बाद आएंगे जेल से बाहर
कानूनी सूत्रों के अनुसार, जमानत की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई संभव होगी. संबंधित कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जेल प्रशासन उन्हें रिहा करेगा. राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले की चर्चा तेज हो गई है. समर्थकों का कहना है कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा था और अब सच सामने आ गया है. वहीं विपक्षी दलों की ओर से मामले पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
एक मामले में पहले ही मिली थी जमानत
बता दें, इससे पहले बीते मंगलवार को पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट ने जमानत दे दिया था. वहीं अब 2 अन्य मामलों में भी पप्पू यादव को जमानत मिल गई है. गौरतलब है कि पप्पू यादव गिरफ्तारी से पहले संसद में पटना नीट छात्रा मौत का मामला उठाया था. दरअसल पप्पू यादव अक्सर अलग-अलग मुद्दों को बेबाकी से उठाने को लेकर चर्चा में रहते हैं.







