बिहार में राजद विधायक मुकेश रौशन ने बजट के विरोध का अनोखा तरीका निकाला है। वह झुनझुना और लॉलीपॉप लेकर विधानसभा पहुंचे हैं। उन्होंने झुनझुना बजाकर और लॉलीपॉप चूसकर बजट का विरोध किया है। बता दें कि राजद इस बजट का विरोध कर रही है। मुकेश रौशन महुआ से विधायक हैं। मंगलवार को जब वह विधानसभा पहुंचे तो उन्होंने झुनझुना बजाकर और लॉलीपॉप चूसकर इस बजट का विरोध किया। उन्होंने कहा कि बिहार के बजट में जनता को लॉलीपॉप दिखाया गया है और झुनझुना पकड़ाया गया है।
Bihar Vidhan Sabha Live: आरक्षण का दायरा बढ़ाया जाए
बिहार के लॉ एंड ऑर्डर पर विधानसभा में चर्चा की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा ने कार्य स्थगन प्रस्ताव लाया. विपक्ष की ओर से मांग की गई है कि जातीय सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर बढ़े हुए आरक्षण के दायरा को बढ़ाया जाए. उसे संविधान की 9वीं अनुसूची में शामिल किया जाए.
सरकार को लेकर क्या बोले ललित यादव?
सदन की कार्यवाही जारी है. आरजेडी के विधायक ललित यादव ने सदन में सत्तापक्ष के विधायकों की संख्या कम देखते हुए स्पीकर से कहा कि अगर आज वोटिंग हुई तो सरकार गिर जाएगी. इस पर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा, “ललित यादव जी कह रहे हैं कि संख्या कम है और आज सरकार गिर सकती है तो हम लोगों की सरकार को चाहने वाले लोग तो उधर भी बैठे हैं.”
विधानसभा की कार्यवाही शुरू
विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. सदन शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में विपक्ष के नेताओं ने प्रदर्शन किया. सदन में भी हंगामे के आसार हैं.
सीपीआई (एम) ने विधानसभा परिसर में किया प्रदर्शन
सीपीआई (एम) के विधायकों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को केरल के आधार पर 3000 करने और गरीबों को 10 किलो अनाज देने की मांग की है. कार्यवाही शुरू होने से पहले पोस्टर लेकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया. विधायक दल के नेता अजय कुमार ने कहा, “नेताओं को यह दिखाई पड़ता है कि अस्पताल की बिल्डिंग कितनी बड़ी बन रही है, विकास का पैमाना क्या है, गरीबों की थाली में कितना भोजन है, वह उन्हें दिखाई नहीं पड़ता है.”
जली कंज्यूमर के लिए कोई ऐलान नहीं: कांग्रेस
बिहार बजट 2025 को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाया है. बिहार कांग्रेस का कहना है कि, “बिहार में दो करोड़ बिजली कंज्यूमर के लिए बजट में कोई ऐलान नहीं किया गया है, यानी अभी जिस रेट पर बिजली मिल रही है आगे भी उसी पर मिलती रहेगी. पेट्रोल-डीजल पर भी सरकार ने वैट कम या ज्यादा नहीं किया है. स्टांप ड्यूटी में भी सरकार ने बदलाव नहीं किया है.”
डिप्टी CM ने पेश किया था बजट
गौरतलब है कि बिहार विधानसभा में डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बजट पेश किया था। बिहार सरकार ने इस बार 3 लाख 17 हजार करोड़ का बजट पेश किया। साल 2024 के बजट के मुकाबले इस बार का बजट 38169 करोड़ रुपये ज्यादा है। इस बजट में ये प्रमुख ऐलान किए गए हैं।
बिहार बजट में किस विभाग को कितनी रकम?
- स्वास्थ्य विभाग – 20335 करोड़ रुपये
- शहरी और ग्रामीण सड़क- 17908 करोड़ रुपये
- गृह- 17831 करोड़ रुपये
- ग्रामीण विकास- 16093 करोड़ रुपये
- ऊर्जा- 13483 करोड़ रुपये
सीएम नीतीश ने सम्राट चौधरी को दी थी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री सम्राट चौधरी को बधाई दी थी। सम्राट चौधरी के बजट भाषण के खत्म होने पर नीतीश कुमार ने अपनी सीट से उठकर उन्हें बधाई दी थी। नीतीश ने सम्राट के कंधे पर हाथ रखकर उन्हें बधाई दी थी।
बिहार विधानसभा का आज तीसरा दिन है लेकिन इसमें हंगामे के आसार नजर आ रहे हैं। क्योंकि आरजेडी बजट के मुद्दे पर सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है। अब देखना ये होगा कि आरजेडी के इस विरोध का सरकार की तरफ से क्या जवाब दिया जाता है। सीएम नीतीश कुमार खुद अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं।







