लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 19 दिनों में दूसरी बार आज पटना पहुंचे। वो एयरपोर्ट से सीधे कांग्रेस के विधायक दल के नेता शकील अहमद खान के घर गए। वहां वो करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक रुके।
इस दौरान एनडीए सांसद उपेन्द्र कुशवाहा और कांग्रेस से राज्यसभा की सांसद रंजीता रंजन भी शकील अहमद घर पहुंचे। 3 फरवरी को कांग्रेस विधायक दल के नेता के बेटे अयान ने खुदकुशी की थी।
राहुल गांधी अब पटना के एसकेएम हॉल में स्वतंत्रता सेनानी जगलाल चौधरी की जयंती समारोह में शामिल होने के लिए निकल गए हैं।
बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राहुल गांधी का उनकी जयंती में शामिल होना दलित वोट को साधने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

दलित परिवार से थे जगलाल चौधरी
जगलाल चौधरी पासी समुदाय से थे। मेडिकल छात्र रहते हुए वो कांग्रेस से जुड़े। ताड़ी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आबकारी मंत्री रहते हुए उन्होंने बिहार में सबसे पहले शराबबंदी लागू की थी।
18 जनवरी को भी बिहार आए थे
इससे पहले 18 जनवरी को पटना में राहुल गांधी संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुए थे। इसके साथ ही पार्टी के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की छी। यहां माउंटेन मैन के नाम से जाने जाने वाले दशरथ मांझी के बेटे भगीरथ मांझी से राहुल ने मुलाकात की। इसके कुछ दिन बाद वो जेडीयू छोड़कर दिल्ली में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।







