पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने 70वीं BPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर मंगलवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और 12 जनवरी को बिहार बंद का आह्वान किया। पप्पू यादव ने सभी राजनीतिक दलों, खासकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से बंद का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पप्पू यादव ने यह भी प्रस्ताव रखा कि अगर तेजस्वी यादव बिहार बंद का नेतृत्व करें तो वे उनके साथ खड़े रहेंगे।
राज्यपाल से मिले पप्पू यादव
दरअसल, पप्पू यादव ने मंगलवार सुबह राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने 70वीं BPSC परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों के बारे में विस्तार से बताया। राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में परीक्षा में अनियमितता के कई बिंदुओं का जिक्र था। पप्पू यादव ने बताया कि छात्र काफी परेशान हैं और उन्हें न्याय मिलना चाहिए। राज्यपाल ने उनकी बात ध्यान से सुनी और मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
12 जनवरी को बंद रहेगा बिहार
राज्यपाल से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने पत्रकारों से बातचीत में 12 जनवरी को बिहार बंद का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि BPSC अभ्यर्थियों के समर्थन में 12 जनवरी को बिहार बंद रहेगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस बंद में सहयोग की अपील की। खासतौर पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से उन्होंने आग्रह किया कि वे आगे आकर छात्रों के लिए आवाज उठाएं।
तेजस्वी के साथ चलने को तैयार
पप्पू यादव ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि अगर बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में 12 जनवरी को बिहार बंद का नेतृत्व तेजस्वी यादव करते हैं तो वे उन्हें साथ चलने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की छात्र परेशान हैं। बीपीएससी में धांधलियों की शिकायत पहले भी आई है। कई मामलों में पोलिस ने कार्रवाई की है। अब 70वीं बीपीएससी का पूरा मामला अनियमितता से भरा है। इसके लिए वे तेजस्वी यादव से अपील कर रहे हैं कि वे इसका नेतृत्व करें।






