बिहार लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 25 मई को आठ सीटों पर मतदान होना है, जिसके लिए सभी पार्टियां अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं. इस बीच वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अब तक 200 सभाएं कर चुके हैं. इसको लेकर मुकेश सहनी ने कहा है कि, ”सातवें चरण के चुनाव प्रचार तक यह आंकड़ा 250 के पार कर जाएगा.” अब इस बयान को लेकर सीएम नीतीश कुमार की पार्टी ने तंज कसा है. बता दें कि जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने गुरुवार (23 मई) को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी पर जमकर हमला बोला है.
आपको बता दें कि मुकेश सहनी और तेजस्वी यादव के हेलीकॉप्टर में केक काटने पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा है कि, ”200 सभा कर लें या 400 कर लें, दो सीट भी उनको मिलना मुश्किल है.” उन्होंने दावा किया कि, ‘जिस तरह पिछली बार (2019 के लोकसभा चुनाव में) जीरो पर आउट हुए थे, वही स्थिति इस बार भी होगी, चाहे कितनी भी सभाएं कर लें.’ बता दें कि आगे उमेश कुशवाहा ने कहा कि, ”तेजस्वी यादव, सन ऑफ मल्लाह, राबड़ी देवी या लालू यादव जो भी उतर जाएं दो सीट पर भी खाता खुलने वाला नहीं है.” बता दें कि उमेश कुशवाहा का यह बयान बिहार के सियासी गलियारों में हलचल मचा सकता है.
‘छपरा कांड में जुड़ा हो सकता है लालू परिवार का तार’ – उमेश कुशवाहा
वहीं बता दें कि हेलीकॉप्टर में केक काटने के बाद बिना नाम लिए मुकेश सहनी ने कहा कि, ”इससे कुछ लोगों को मिर्ची लगेगी.” इसके जवाब में आगे उमेश कुशवाहा ने कहा कि, ”बोलने के लिए कुछ नहीं है तो यही अनाप-शनाप बोलते रहेंगे.” वहीं तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए आगे उमेश कुशवाहा ने कहा कि, ”हमारे नेता (नीतीश कुमार) के काम को अपना क्रेडिट बताते हैं.” इसके अलावा आगे छपरा हिंसा को लेकर उन्होंने कहा कि, ”हम दावे के साथ कहते हैं, उस घटना की जब जांच होगी तो कहीं न कहीं लालू परिवार का तार इससे जरूर मिलेगा.”
आपको बता दें कि जेडीयू नेता ने आगे कहा है कि, ”अभी तक पांचवें चरण का चुनाव हो गया है. चार जून को पता चल जाएगा. बढ़त अभी तक एनडीए की है.” वहीं, ओबीसी आरक्षण को लेकर कोलकाता हाई कोर्ट के फैसले पर उमेश कुशवाहा ने कहा कि, ”हम उसको देखेंगे तब उस पर बात करेंगे.”







