दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होने के बाद अब सियासी दलों ने अगले चरण में होने वाले चुनाव पर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोल्हापुर और गोवा में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के पोरबंदर, भरूच, पंचमहाल और वडोदरा में वोट मांगेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वलसाड और लातूर में जनसभा को संबोधित करेंगी। वहीं कांग्रेस आज अमेठी और रायबरेली से उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकती है। आज देर शाम सीईसी की बैठक होनेवाली है।
पीएम मोदी आज लोकसभा चुनाव को लेकर दक्षिण गोवा के वास्को शहर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे. तटीय राज्य में यह पीएम की पहली रैली होगी. यह रैली शाम 5 बजे होने वाली है. भाजपा गोवा में दोनों सीटों को जीतने की कोशिश कर रही है. यहां पर भाजपा ने पल्लवी डिम्पो और केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक को दक्षिण गोवा और उत्तरी गोवा से मैदान में उतारा है.
इसके बाद पीएम महाराष्ट्र में पहली सार्वजनिक रैली करेंगे. ये रैली कोल्हापुर शहर के तपोवन मैदान में होने वाली है. इस रैली में सीएम एकनाथ शिंदे और उनके साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार शामिल होंगे.
आज रात 8.30 बजे कांग्रेस की सीईसी बैठक होने वाली है. इस बैठक में अमेठी व रायबरेली सीट पर प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हो सकती है. ऐसा कहा जा रहा है कि राहुल और प्रियंका गांधी को इन सीटों से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है.
अमित शाह की पोरबंदर में रैली, वडोदरा में रोड शो
गृह मंत्री अमित शाह सुबह साढ़े 10 बजे पोरबंदर में रैली करेंगे। भरूच में दोपहर डेढ़ बजे और पंचमहाल में 3 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। वडोदरा में शाम साढ़े 4 बजे वे रोड शो करेंगे। यह रोड शो रणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर से मार्किंट क्रास रोड तक चलेगा।
प्रियंका गांधी गुजरात और महाराष्ट्र में करेंगी प्रचार
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। वे आज गुजरात के वलसाड और महाराष्ट्र के लातूर में जनसभा को संबोधित करेंगी।
तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल आज लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार करने वाली हैं. वह आज पूर्वी दिल्ली में रोड शो निकालेंगी.
EVM बहाना है, परिवार को बचाना है: पूनावाला
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “पूरी दुनिया भारत के लोकतंत्र का गर्व मनाती है लेकिन कुछ लोग है जो मोदी और भाजपा विरोध में उतरते-उतरते भारत के संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से नहीं चूकते। दरअसल ये EVM बहाना है, जब हार होती है तो परिवार को बचाना है। तेलंगाना में जब चुनाव होता है और वे(कांग्रेस) जीत जाते हैं, तो EVM ठीक होती है। पंजाब में EVM ठीक होती है लेकिन जब केंद्र में चुनाव हारने वाले होते हैं तो EVM खराब हो जाती है।”
बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीतेगी-ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में दावा किया कि बीजेपी प्रचंड बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा, “दूसरे चरण के मतदान में कमल खिल रहा है। सभी आठ सीटों पर बड़ी संख्या में मतदाता घरों से बाहर निकल कर बूथों पर पहुंचे। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा जीतेगी।”







