प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नवादा में जनसभा करेंगे। चार दिन में पीएम मोदी का ये दूसरा बिहार दौरा है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने पीएम पर सीधा निशाना साधा है। साथ ही रैली को लेकर दस सवाल भी किए हैं। उन्होंने परिवारवाद, युवाओं को नौकरी और ED-CBI, इलेक्टोरल बॉन्ड पर पीएम मोदी को घेरने की कोशिश की है।
तेजस्वी ने सवाल किया कि देश में सबसे ज्यादा परिवारवादी नेताओं को बीजेपी ने टिकट क्यों दिए। उन्होंने पूछा कि बिहार को अब तक विशेष राज्य का दर्जा क्यों नहीं मिला। साथ ही ये पूछा कि हल साल 2 करोड़ नौकरी देने के वादों का क्या हुआ। वहीं, तेजस्वी के सवाल पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने निशाना साधा है।
तेजस्वी ने सोशल मीडिया X पर पीएम से ये सवाल किए हैं
1. वो BJP के Institutional Organised और Systematic Corruption को छुपाने के लिए हमेशा विपक्ष और विपक्षी नेताओं को ही भ्रष्टाचारी तथा घोटालेबाज क्यों बताते रहते है?
2. PM बताएंगे कि कैसे विपक्ष के सभी कथित भ्रष्टाचारी नेताओं ने CBI/ED/IT की मदद से BJP जॉइन की?
3. PM बताएंगे कि कैसे और क्यों कथित विपक्षी भ्रष्टाचारी कमल छाप साबुन से नहाने एवं नारंगी वाशिंग मशीन में धुलने के बाद बेईमान,भ्रष्ट और नकारे से ईमानदार, कर्मठ व सुयोग्य बन सभी केसों से बरी हो जाते हैं?
4. PM बताएंगे कि जांच एजेंसियों की मदद एवं छापे के बाद Electoral Bonds के जरिए कैसे और क्यों बड़ी कम्पनियां हजारों करोड़ BJP के खाते में डालती है?
5. PM बताएंगे कि कोई भी विपक्षी नेता कितना भी ईमानदार, नौकरीदाता, समतावादी, लोकतांत्रिक, लोकप्रिय, सच्चा, अच्छा और परिणाम उन्मुखी हो, लेकिन प्रधानमंत्री जी उसे बेईमान, भ्रष्ट, निकम्मा और बुरा क्यों बताते रहते हैं?
6. PM बताएंगे की क्यों BJP ने देश में सबसे अधिक परिवारवादी नेताओं को टिकटें दी हैं
7. PM बताएंगे कि क्यों जांच एजेंसियां BJP नेताओं के घर छापा नहीं मारती? BJP नेताओं की जांच क्यों नहीं होती?
8. PM बताएंगे कि BJP नेताओं का काला कारोबार, भ्रष्टाचार, कदाचार, दुराचार और अत्याचार माफ क्यों होता है?
9. वो बताएंगे कि नोटबंदी से भ्रष्टाचार और काला धन कम हुआ की नहीं? उन्होंने नोटबंदी में 1000 रु. का नोट बंद कर 2000 रु. का नोट शुरू क्यों किया था, फिर बाद में उसे भी बंद क्यों किया था?
10. PM बताएंगे कि उन्होंने 2014 में युवाओं को प्रतिवर्ष 2 करोड़ नौकरियां तथा बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की घोषणा क्यों की थी, लेकिन अब उस वादे को क्यों भूल गए?
उन्होंने आगे लिखा है कि 99.99% बिहारी यह भी जानते है कि प्रधानमंत्री जी देशभर में 10 वर्षों से हो रहे BJP के संस्थागत, संगठित एवं व्यवस्थित भ्रष्टाचार पर नहीं बोलने की बजाय उलटे ही विपक्ष को भ्रष्टाचारी और घोटालेबाज बोलेंगे। इससे लोगों का ध्यान BJP के भ्रष्टाचार पर ना जाएं।
लालू ने मेरा घर तोड़वाया था- सम्राट
सम्राट चौधरी ने कहा कि उनको बताना चाहिए कि जब उनके पिता मुख्यमंत्री थे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उन पर कैसे कार्रवाई की थी। सबसे पहले उनके पिता का ही विक्टिम हूं। लालू यादव ने ही मेरा घर तुड़वाया था। मानवाधिकार आयोग ने उन पर फाइन किया था। लालू यादव परिवार के पास कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
जमुई में सभा से पहले परिवारवाद को लेकर तेजस्वी ने किया था पलटवार
बता दें कि पीएम मोदी की जमुई रैली से पहले भी तेजस्वी ने उनसे परिवारवाद पर सवाल किए थे। इस दौरान तेजस्वी ने परिवारवाद को लेकर सोशल मीडिया पर एनडीए की पूरी लिस्ट जारी की थी। तेजस्वी ने बताया था की एनडीए ने कैसे 14 सीटों पर परिवारवाद को तरजीह दी है। चिराग पासवान की पार्टी भी उनके निशाने पर है।







