कल की बड़ी खबर फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व से जुड़ी रही। देश का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व 29 मार्च को समाप्त सप्ताह में 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 अरब डॉलर के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। वहीं, विप्रो के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) थिएरी डेलापोर्ट ने 6 अप्रैल को इस्तीफा दे दिया है। थिएरी डेलापोर्ट की जगह कंपनी ने श्रीनिवास पल्लिया को कंपनी का नया CEO और MD बनाया है।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…
- शेयर मार्केट आज रविवार (7 अप्रैल) को छुट्टी के चलते बंद रहेगा।
- पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
देश का विदेशी मुद्रा भंडार ऑल टाइम हाई पर : 645.58 अरब डॉलर पहुंचा, लगातार छठे सप्ताह बढ़ा फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व
देश का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व 29 मार्च को समाप्त सप्ताह में 2.95 अरब डॉलर बढ़कर 645.58 अरब डॉलर के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इस बात की जानकारी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने दी। यह लगातार छठा सप्ताह है, जब फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व बढ़ा है।
इससे एक सप्ताह पहले देश का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व 14 करोड़ डॉलर बढ़कर 642.63 अरब डॉलर हो गया था। इससे पहले देश का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व सितंबर 2021 में 642.45 अरब डॉलर के उच्च स्तर पर पहुंचा था।