रोहतास जिले के देहरी-डलमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या को लेकर बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि यह ऐसी दूसरी घटना है। सम्राट चौधरी के पद संभालने के बाद से मुश्किल से 100-150 दिन ही बीते हैं और यह दूसरे सरकारी अधिकारी हैं, जिनकी हत्या हुई है।
सम्राट चौधरी बिहार का कामकाज संभालने में नाकाम: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी बिहार का कामकाज संभालने में नाकाम रहे हैं। प्रशासनिक अव्यवस्था है और अपराधी हालात पर हावी दिख रहे हैं। सवाल उठता है कि अगर वह सरकारी अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे करेंगे?
इसके पहले तेजस्वी यादव ने ईओ विमल कुमार की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा- ‘हम मारे गए अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं और दुख की इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े हैं। हम उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’
विधायक के खिलाफ FIR क्यों नहीं की गई: तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादवने कहा कि मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एलजेपी (आर) विधायक सोनू सिंह ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उन्होंने कहा कि परिजनों का आरोप है कि विधायक की ओर से लगातार फोन कर मृतक पर दबाव बनाया जाता था और मांग पूरी नहीं करने पर उनकी हत्या कर दी गई। तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता यह सवाल पूछ रही है कि सोनू सिंह के खिलाफ अब तक नामजद एफआईआर क्यों दर्ज नहीं की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और ईमानदार जांच की मांग की।
ईओ विमल कुमार को न्याय नहीं मिलने तक चुप नहीं बैठेंगे: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि हम पीड़ित के परिवार के साथ हैं और जब तक विमल कुमार के परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनके लिए हर जरूरी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। हम न्यायिक निगरानी में CBI जांच की मांग करते हैं।







