बसपा सुप्रीमो मायावती (67) ने अपने भतीजे आकाश आनंद को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया है। यानी पार्टी की कमान आकाश के हाथों में होगी। रविवार 10 दिसंबर को डेढ़ घंटे चली मीटिंग के बाद मायावती ने इस फैसले का ऐलान किया। आकाश, मायावती के छोटे भाई के बेटे हैं और फिलहाल पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर हैें।
लखनऊ में बसपा प्रमुख मायावती ने छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई थी। मायावती के साथ उनकी गाड़ी में आकाश आनंद भी दफ्तर पहुंचे। इसमें 28 राज्यों से पदाधिकारी शामिल हुए।
पदाधिकारियों ने आगामी लोकसभा 2024 के चुनाव को लेकर अब तक किए गए कामों की रिपोर्ट पेश की। बसपा प्रमुख ने पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर से लेकर प्रदेश के कोऑर्डिनेटरों से लोकसभा की तैयारी की रिपोर्ट मांगी थी।
आकाश (28) बुआ मायावती के साथ पहली बार 2017 में सहारनपुर में नजर आए थे। मायावती ने रैली में उनका परिचय कराया था।

पदाधिकारी बोले- मायावती के आदेशों का पालन करेंगे
तेलंगाना के जिला अध्यक्ष अहमद अली ने बताया था कि मायावती आज आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक करने वाली हैं। इसमें आगामी चुनाव में उम्मीदवारों की लिस्ट बसपा प्रमुख को दी जाएगी। उनके बताए गए दिशा निर्देश का पालन करेंगे।
मध्यप्रदेश के दतिया से पदाधिकारी लोकेंद्र अहियावर ने कहा, बसपा प्रमुख की बैठक में जो आदेश होगा, उसका पालन करेंगे। विधानसभा चुनाव में स्थिति ठीक नहीं रही, लेकिन लोकसभा चुनाव में स्थिति को बेहतर करेंगे।
बसपा का प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया पर जोर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लखनऊ में बसपा की बैठक कई दृष्टिकोण से सियासी संदेश देने जैसा है। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर बहुजन समाज पार्टी की ताकत का एहसास कराने के लिए बैठक बुलाई गई। इसमें कई अहम मुद्दों और राज्यों को लेकर प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया पर पूरा जोर रहेगा।
लखनऊ की बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी बुलाए, राज्यों के लेकर फैसले लिए जा सकते हैं
बहुजन समाज पार्टी के सूत्र बताते हैं कि चुनाव से पहले मायावती ने पार्टी में जिम्मेदारियां भी बदलने और अन्य राज्यों को लेकर बड़े फैसले ले सकती है। बैठक में पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य, सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य जोन इंचार्ज, जोन इंचार्ज, राज्यसभा सदस्य, सभी पूर्व और वर्तमान विधायक, विधान परिषद सदस्य, मंडल व जोन इंचार्ज, जिलाध्यक्ष तथा बहुजन वालंटियर फोर्स जैसे सभी संगठनों के जिम्मेदार लोग बुलाए गए हैं।
वहीं पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक, बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों और राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ हालिया चार राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों से निकली चुनौतियों से निपटने की रणनीति भी तय की जाएगी। लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत दावेदारी वाले उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा होगी। बता दें कि विधानसभा चुनाव के नतीजों को विचित्र और रहस्यमयी बताते हुए बसपा सुप्रीमो ने देश भर के पदाधिकारियों को बैठक में बुलाया है।







