इजरायल और चरमपंथी संगठन हमास के बीच युद्ध जारी है. जिसमें अभी तक 3,000 से अधिक लोग मारे गए है. इजरायल का दावा है कि उसने हमास के लड़ाकों से गाजा सीमा क्षेत्रों पर नियंत्रण छीन लिया है. बता दें कि देश के 75 साल के इतिहास में सबसे भीषण हमले में इजरायल में 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं. जबकि गाजा में 900 लोग मारे गए हैं. मंगलवार को इजराइल की सेना ने गाजा के सीमावर्ती इलाकों के पास से करीब 1500 आतंकियों के शव बरामद करने का दावा किया है.
इजरायल और हमास के बीच आज चौथे दिन भी युद्ध जारी है. एक तरफ जहां हमास के लड़ाकों ने बर्बरता दिखाते हुए इजरायल के 40 मासूम बच्चों की हत्या कर दी. वहीं इजरायली सेना ने गाजा पट्टी में अपने हमले तेज कर दिए हैं. अब तक दोनों तरफ से 3000 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं 5000 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं. इजरायल की तरफ से अमेरिका ने अपनी जंगी जहाज तैनात कर दिया है. वहीं दूसरी जंगी जहाज भेजने की तैयारी कर रहा है. हमास ने बीते मंगलवार को तेल हवीव एयरपोर्ट पर रॉकेट दागे.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमास को खत्म करने की धमकी दी है. बीते मंगलवार को इजरायली पीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की. इस दौरान देश के मौजूदा हालातों पर चर्चा की. वहीं पीएम मोदी ने उनसे कहा कि भारत हर तरह की आतंकवादी गतिविधियों का विरोध करता है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नवीनतम इज़राइल-हमास युद्ध पर अपनी पहली टिप्पणी जारी की है, और इसे विफल अमेरिकी विदेश नीति का परिणाम बताया है.
इजरायली सेना पर फॉस्फोरस बम का इस्तेमाल करने का आरोप
हमास के ठिकानों पर सफेद फॉस्फोरस बम का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है. इजरायली रक्षा बलों के प्रवक्ता ने बुधवार को कहा कि इजरायली-हमास संघर्ष में 1,200 से अधिक इजरायली मारे गए हैं, जो पहले बताई गई 1,000 से अधिक है. आईडीएफ के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल जोनाथन कॉनरिकस ने एक वीडियो संदेश में कहा, “मरने वालों की संख्या आश्चर्यजनक रूप से 1,200 इजरायलियों की है.” उन्होंने कहा कि “उनमें से अधिकांश” नागरिक थे.
हमास के हमले में थाईलैंड के 20 नागरिकों की मौत
थाईलैंड के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे रिपोर्ट मिली है कि उसके तीन और नागरिकों को गाजा में बंधक बना लिया गया है. अब तक 14 नागरिकों का अपहरण कर लिया गया है और 20 नागरिक मारे गए हैं और 13 अन्य घायल हो गए हैं.
हमास के हमले में अब तक 169 इजरायली सैनिक मारे गए
द स्पेक्टेटर की रिपोर्ट के अनुसार, इज़रायल की सेना का कहना है कि शनिवार से लेकर अबतक उसके कम से कम 169 सैनिक मारे गए हैं.
रिजर्व सैनिकों को घर वापस भेजने की तैयारी
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया कि इजरायल ने हमास के खिलाफ युद्ध की तीव्रता को देखते हुए अधिक सैन्य रिजर्व बल के सदस्यों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए और अधिक फ्लाइट जोड़ी हैं. इजरायल ने कहा था कि उसने हमास के हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई में मदद करने के लिए 300,000 रिजर्व बल को बुलाया था.
रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिका को कोसा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को कहा कि इजरायल और फिलिस्तीनियों के बीच हिंसा दिखाता है कि अमेरिकी नीति मिडिल ईस्ट में विफल हो गई है और फिलिस्तीनियों की जरूरतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है.







