चीन ने भारत की सेना को शुक्रिया अदा किया है. वह भी चीनी आर्मी की स्थापना दिवस पर. चीनी सेना की 99वीं वर्षगांठ के मौके पर भारत में चीन के डिफेंस अताशे ने अपनी भावनाएं जाहिर कीं. पिछले साल उन्होंने केरल के तट पर आग और धमाके के शिकार कार्गो शिप से 12 चीनी क्रू मेंबर को बचाने के लिए भारतीय सेना को धन्यवाद कहा है. उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर बातचीत और सहयोग की भी बात की है. चीन का ये बयान काफी अहम माना जा रहा है.
रियर एडमिरल यू जियान ने पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक कार्यक्रम में कहा कि चीन और भारत अहम पड़ोसी हैं. दोनों ही विकास और आमूलचूल बदलाव के एक अहम दौर से गुजर रहे हैं. हमें खुशी है कि हमारे नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन में, चीन-भारत संबंध सुधार और विकास की सही राह पर लौट आए हैं. एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि हम ये नहीं भूलेंगे कि पिछले साल जून में भारतीय सेना ने केरल के तट पर आग लगने और धमाके का शिकार हुए कार्गो शिप से 12 चीनी क्रू सदस्यों को बचाया था.
भारत-चीन के अच्छे रिश्ते पर भी जोर
चीनी डिफेंस अताशे ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में दोनों देशों की सेनाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि चीनी और भारतीय सेनाओं ने संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में अहम योगदान दिया. उन्होंने बड़ी कुर्बानियां दी हैं. हमारा तो शुरू से ही मानना रहा है कि हमारे मतभेदों के मुकाबले हमारे साझा हित कहीं अधिक अहम हैं.
भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार चीन
भारत के साथ सैन्य सहयोग को बढ़ावा देने की चीनी सरकार की प्लानिंग के बारे में उन्होंने कहा कि हम भारतीय पक्ष के साथ मिलकर काम करने के लिए राजी हैं, जिससे राजनयिक और सैन्य चैनलों के माध्यम से बातचीत बनी रही. इससे आपसी भरोसा बढ़ता है और बातचीत की मदद से सहयोग को बढ़ावा मिलता है.
भारत-चीन के रिश्तों में सकारात्मकता आई
चीनी डिफेंस अटैची ने अपनी बात को खत्म करते हुए कहा क मैं भारत और चीन संबंधों में लगातार सुधारों की कामना करता हूं. चीनी अधिकारी ने ये बयान ऐसे वक्त में दिया है, जब प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाकतों और उसके बाद दोनों पक्षों के अहम अधिकारियों के साथ बैठकों के बाद भारत और चीन के रिश्तों में लगातार सकारात्मकता आई है. नई दिल्ली और बीजिंग ने रिश्तों को धीरे-धीरे सामान्य बनाने की दिशा में रचनात्मक और अच्छे भविष्य के लक्ष्य के साथ बातचीत की थी.






