जदयू सांसद कौशलेंद्र कुमार ने बजरंग दल पर बैन लगाए जाने के सवाल पर कहा कि ऐसी संस्था पर जरूर बैन लगनी चाहिए। कहा कि भगवान राम की पूजा सभी लोग करते हैं, लेकिन भगवान राम के नाम पर हम उनके सहायक बन रहे हैं, उनके हितैषी हो रहे हैं। उनके नाम पर भीड़ इकट्ठा कर रहे हैं उसी गलतफहमी में कोई ना कोई घटना हो रही है।
कहा कि हम लोगों ने जिलाधिकारी से कहा है कि आगे से किसी भी तरह का प्रोसेशन निकले, उसमें भीड़ की लिमिट तय की जाए। बाहरी लोग उस प्रोसेशन में शामिल न हो इसकी भी व्यवस्था की जाए। बाहरी लोगों के आ जाने से ही गंदगी फैलती है।
बजरंग दल को नालंदा में बैन करने की बात
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि हम लोग बजरंग दल को नालंदा में बैन कर देंगे। बजरंगबली ने यह कभी नहीं कहा है कि नालंदा के पूरे लोगों को बिहार शरीफ ले आओ और बजरंग बली की मूर्ति हटा दो। हम हिन्दू हैं, हम भी बजरंगबली की पूजा करते हैं। घर में भी उनकी पूजा करते हैं। चौक चौराहों पर पूजा करते हैं, लेकिन उस तरीके से नहीं करना चाहिए जिस तरीके से बजरंग दल के लोग करते हैं। कहा कि मैंने जिलाधिकारी से कहा है कि इस तरह की संगठन पर रोक लगाई जाए।
बुधवार को नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, नालंदा के प्रभारी मंत्री सह मंत्री वित्त वाणिज्यकर और संसदीय कार्य विभाग बिहार, विजय कुमार चौधरी के साथ प्रेस वार्ता में शामिल होने सर्किट हाउस पहुंचे थे। वहां उनसे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा बजरंग दल पर बैन लगाए जाने की बात पर सहमति जताने की बात पूछी गई थी जिस पर प्रतिक्रिया दी।







