बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में केवल भाजपा दिखेगी। कार्यकर्ताओं से मुखर होकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि बूथ अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष में ज्यादा अंतर नहीं है। प्रदेश में विरोधी दलों को हाशिये पर पहुंचाकर आपके कर्ज को उतारने का प्रयास करूंगा॥। चौधरी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद आज पहली बार प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष जायसवाल जी के आदेश पर आज मैं पदभार ग्रहण कर रहा हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी‚ गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा को इतना बडा दायित्व देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बिहार में आने वाले दिनों में केवल भाजपा ही भाजपा दिखेगी। पुराने दिनों को याद करते हुए दावा किया कि नीतीश कुमार ने समता पार्टी नहीं बनाई हकीकत यह है कि मेरे पिता जी समता पार्टी बनाई और नीतीश कुमार ने उस पर अवैध कब्जा जमा लिया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह अवैध कब्जा उखाड कर फेंक देंगे।
उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार अब बुजुर्ग हो गए हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की जगह भाजपा के किसी मंडल अध्यक्ष को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा दीजिए उससे अच्छा काम करेगा। उन्होनें कहा कि बिहार कुल का बजट २ लाख ६१ हजार करोड का बजट है और उसमें से मात्र ३९ हजार करोड अपने से लाते हैं। शेष केंद्र से भेजा जाता है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बिहार की तुलना में १३ गुना अधिक खर्च होगा। उन्होनें कहा कि सामाजिक समता के तौर ६ अप्रैल से पूरे बिहार में एक एक बूथ पर अपने बूथ अध्यक्ष के नेतृत्व में उनके घर पर झंडा फहराने का काम करेगे।
उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि हमसब को मिलकर बिहार में भाजपा को स्थापित करना है। उन्होंने महागठबंधन की सरकार से १० लाख लोगों को रोजगार देने के वादे की भी याद दिलाई। इससे पहले बिहार सह प्रभारी हररीश द्ववेदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में यहां से हम सभी अपनी मेहनत से ४० सीटें जीतेंगे। ड़ॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि हम सभी का एक ही लक्ष्य २०२४ में ४० सीट जीतना और २०२५ में पूर्ण बहुमत से बिहार में सरकार बनाना है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि २०२४ में हम न केवल सभी ४० सीटों पर विजय दर्ज करेंगे बल्कि २०२५ में भी भाजपा विरोधियों का सूपडा साफ कर देगी। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद को भ्रष्टाचार के कारण ही छोडा था लेकिन आज कुर्सी के लिए उसी भ्रष्टाचार के साथ समझौता कर लिया। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज बिहार में फिर से भ्रष्टाचार और गुंड़ाराज की ओर बढ चुका है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी ऊर्जावान हैं इनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नई ऊंचाई को प्राप्त करेगी। सभा को नंदकिशोर यादव सीपी ठाकुर‚ मंगल पांडे भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे‚ तारकिशोर प्रसाद‚ श्रीमती रेनू देवी‚ सैयद शाहनवाज हुसैन‚ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया उपस्थित थे॥। अभिनंदनः पार्टी नेताओं के साथ रोड़ शो करते नवनियुक्त प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी।







