हिमाचल प्रदेश में आज कांग्रेस सरकार का शपथ ग्रहण है। सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य के नए मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने जा रहे हैं। इस बीच मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले सुक्खू ने प्रतिभा सिंह से मुलाकात की है। सुक्खू सरकार का शपथग्रहण समारोह दोपहर डेढ़ बजे है। उनके शपथग्रहण में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल हो रहे हैं। सुक्खू के अलावा मुकेश अग्निहोत्री डेप्यटी सीएम की शपथ लेंगे।
शिमला के रिज मैदान में शपथग्रहण
सुखविंदर सिंह सुक्खू आज से हिमाचल प्रदेश की कमान संभाल रहे हैं। शिमला के रिज मैदान में शपथग्रहण समारोह की तैयारियां चल रही हैं। आठ नवंबर को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत हासिल हुआ था। पार्टी ने 68 में से 40 विधानसभा सीटों पर कब्जा जमाया। वहीं बीजेपी 25 सीटों पर सिमट गई। निर्दलीय ने तीन सीटों पर कब्जा जमाया। परिणाम आने के बाद दो दिन तक कवायद चली और फिर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर सहमति बनी। उन्हें राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष और मंडी से सांसद प्रतिभा सिंह और सुक्खू को राज्य की सियासत में दो अलग खेमा माना जाता है। एक बस ड्राइवर के पुत्र सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला नगर निगम में दो बार पार्षद भी रह चुके हैं।
नादौन सीट से चौथी बार जीते हैं सुक्खू
सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश की नादौन सीट से चौथी बार निर्वाचित हुए हैं। वह 2003, 2007, 2017 में भी इस सीट से जीत चुके हैं। सिर्फ 2012 के चुनाव में उन्हें नादौन सीट पर हार मिली थी। कानून की डिग्री रखने वाले सुक्खू छात्र राजनीति से ही सियासत में सक्रिय रहे हैं। शिमला के गवर्नमेंट कॉलेज संजौली से उन्होंंने पढ़ाई की। इसके साथ ही वह कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई में भी सक्रिय रहे। 1989 में सुक्खू हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई के अध्यक्ष बने। इसके बाद वह यूथ कांग्रेस में ऐक्टिव हुए। 1998 से लेकर 2008 तक हिमाचल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। 2013 से 2019 तक सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष की कुर्सी संभाली।