बिहार की राजनीति खासकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बीच चल रही अंदरुनी खींचतान के लिहाज से शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। हाल के दिनों में जदयू के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (Central Minister RCP Singh) एवं मौजूदा जदयू अध्यक्ष ललन सिंह (JDU President Lalan Singh) के बीच कई मसलों पर तालमेल का अभाव दिखा। इसकी चर्चा गली-मुहल्ले तक रही। ऐसे हालात में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) ने शुक्रवार को बड़ा संदेश दे दिया। अपनी दिल्ली यात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय इस्पात मंत्री व जदयू नेता आरसीपी सिंह के सरकारी आवास पर पहुंचे। राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा का विषय रहा।
काफी देर तक हुई दोनों नेताओं के बीच बातचीत
आरसीपी से नीतीश कुमार की मुलाकात केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की पुत्री के शादी समारोह में हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने आपस में काफी देर तक बातचीत की थी। उस दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद थे। शादी समारोह में भाग लेने के बाद आरसीपी सिंह के साथ नीतीश कुमार उनके आवास (स्वर्ण जयंती कांप्लेक्स) पहुंच गए। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।