एक तरफ उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन जहां कलेक्ट्रेट में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर, कलेक्ट्रेट के बाहर राजद के सैकड़ों नेता मंडल कमीशन की सिफारिशों को लागू करने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। राजद नेताओं ने जातीय जनगणना की मांग को लेकर भी भाजपा की केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। इस बीच बैठक करने के बाद बाहर निकले उद्योग मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन ने मीडिया से कहा कि राजद के पास कोई काम नहीं है। इसलिए वह इस तरह का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे उन्हें कोई एतराज नहीं है।
विशेष केंद्रीय सहायता योजना से तीन करोड़ की लागत से दुर्गाबाड़ी गया में रेडिमेड गार्मेंटस व फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर का शिलान्यास उद्योग विभाग मंत्री ने शनिवार को किया। मौके पर मंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना अंतर्गत युवा उद्यमी, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अतिपिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के उद्यमी को स्वीकृति पत्र भी दिया। मंत्री सैयद शहनवाज हुसैन ने युवा उद्यमियों से कहा कि कोरोना काल में सीएम की ओर से मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। उसी के अनुरूप इस क्लस्टर सेंटर का शिलान्यास किया गया है। लाभुक युवा उद्यमियों को प्रथम किश्त के रूप में 2.5 लाख रुपए, द्वितीय किस्त के रूप में 5 लाख व तृतीय किस्त के रूप में 2.5 लाख रुपए कुल 10 लाख रुपए दिए जाएंगे। मंत्री ने बताया कि गया उद्योग व टेक्सटाइल का हब बनेगा। जो पूरी दुनिया को रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम होगा।
नगर विधायक डॉक्टर प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। जिन उद्यमियों को स्वीकृति पत्र का वितरण किया उनमें ज्ञान प्रकाश, मनोवर हुसैन, गौरव कुमार, आकाशदीप कुमार, सलमान, विनोद कुमार, विकास कुमार, संतोष कुमार, सुबोध कुमार भारती, राधेश्याम, लक्ष्मण कुमार शामिल हैं। इन युवा उद्यमियों ने सीएम व पीएम के प्रति आभार जताया। मौके पर कई गणमान्य उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई के तत्वावधान में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह एवं उद्योग मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन का अभिनंदन समारोह आईएमए हाल में आयोजित की गई। अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा ने की। सभापति व मंत्री ने पार्टी के जिलास्तरीय नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के पंचायत और जिलास्तरीय कार्यकर्ताओं पर बहुत बड़ी जिम्मेवारी रहती है। अभी केंद्र व राज्य में सरकार चल रही है। उसका श्रेय पार्टी के कार्यकर्ताओं को है। कार्यकर्ताओं के बदौलत हीं भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल है। इसलिए जो भी कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े है। उन्हें गर्व होना चाहिए कि विश्व के सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता है। नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जो भी कल्याणकारी योजनाएं आम गरीबों तक चलाई गई है। उसे कार्यकर्ता के माध्यम से जन-जन पहुंचाए। केंद्र की सरकार ने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास पर चल रही है। इसलिए सभी कार्यकर्ता सभी योजनाओं का लाभ आम जन को दिलाने का प्रयास करें। जहां भी जरूरत हो। प्रभारी मंत्री आपके साथ खड़ा रहेगा। नेताओं ने माला पहनाकर सभापति व प्रभारी मंत्री का स्वागत किया।
मौके पर औरंगाबाद सांसद सुशील कुमार सिंह, याचिका समिति के सभापति सह विधायक डा.प्रेम कुमार,भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह उर्फ कुमार बाबू, हरेराम सिंह, राजेश चौधरी एवं जिला मीडिया प्रभारी युगेश कुमार आदि मौजूद थे।







