बिहार में 8 सीनियर IAS अफसरों का तबादला किया गया है। अरुण कुमार सिंह प्रदेश के नए मुख्य सचिव बने हैं। 1985 बैच के IAS अरुण सिंह सोमवार को पदभार संभालेंगे। इससे पहले वे विकास आयुक्त थे। मौजूदा मुख्य सचिव दीपक कुमार का कार्यकाल 28 फरवरी रविवार को खत्म हो रहा है। वहीं, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी को अरुण कुमार सिंह की जगह विकास आयुक्त का पद दिया गया है। वहीं, चैतन्य प्रसाद को जल संसाधन विभाग से स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक गृह विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है
चैतन्य प्रसाद अगले आदेश तक निबंधन उत्पाद एवं मद्य निषेध के भी प्रधान सचिव के अतिरिक्त प्रभार पर बने रहेंगे। इसके अलावा कला संस्कृति विभाग के प्रधान सचिव रवि मनु भाई परमार को लघु जल संसाधन विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया। वहीं संतोष कुमार मल्ल को सूचना प्रावैधिकी विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही वे पर्यटन विभाग के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
1985 बैच के IAS हैं मुख्य सचिव
1985 बैच के IAS अरुण कुमार सिंह बिहार के पं. चंपारण के रहनेवाले हैं। वे इसी साल 31 अगस्त को रिटायर करेंगे। इससे पहले अरुण सिंह विकास आयुक्त के अलावा बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान के महानिदेशक का पद भी संभाल रहे थे। मुख्य सचिव अरुण सिंह काफी सालों तक जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा पथ निर्माण विभाग और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में भी सचिव रहे हैं।
तीसरी बार नहीं मिला एक्सटेंशन
रविवार को कार्यमुक्त हो रहे मुख्य सचिव दीपक कुमार की गिनती CM नीतीश कुमार के खास अधिकारियों में होती है। उन्हें दो बार पहले ही एक्सटेंशन मिल चुका है। वे 29 फरवरी 2020 को रिटायर होने वाले थे। लेकिन राज्य सरकार ने छह महीने के लिए उन्हें सेवा विस्तार दिया था। इसके बाद बिहार चुनाव और कोरोना संक्रमण को देखते हुए उन्हें दुबारा सेवा विस्तार मिला था।