बिहार में मंगलवार को नीतीश सरकार का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। इसमें 17 नए मंत्री बनाए गए हैं। BJP से 9 तो JDU से 8 मंत्री बनाए गए हैं। इनमें BJP के 6 विधायक और 2 विधान पार्षद हैं। भाजपा के जनक राम को भी मंत्रीपद की शपथ दिलाई गई है, यह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। JDU कोटे से 7 विधायक और एक विधान पार्षद को मंत्री बनाया गया है। मंगलवार दोपहर 12:30 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान CM नीतीश कुमार, राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी और विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा मौजूद थे।
विस्तार के साथ ही बंटे विभाग
नीतीश कैबिनेट में शपथ लेने के बाद नए मंत्रियों का विभाग भी बांट दिया गया है। विधान पार्षद शाहनवाज हुसैन को उद्योग विभाग दिया गया है। श्रवण कुमार ग्रामीण विकास देखेंगे, जबकि मदन सहनी समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी उठाएंगे। संजय कुमार झा को जल संसाधन विभाग के अलावा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
नीतीश कैबिनेट में BJP के 9 चेहरे
शाहनवाज हुसैन – सीमांचल से आने वाले BJP के बड़े मुस्लिम चेहरे हैं। हाल में MLC बनाया गया है।
नितिन नवीन – कायस्थ समाज से आते हैं। पटना की VVIP सीट बांकीपुर से लगातार चौथी बार MLA बने हैं।
नारायण प्रसाद – अति पिछड़ा वर्ग से हैं। पश्चिमी चम्पारण के नौतन से लगातार दूसरी बार MLA बने हैं।
सुभाष सिंह – राजपूत हैं, गोपालगंज सीट से साधु यादव (लालू यादव के साले) को हरा MLA बने हैं।
नीरज सिंह बबलू – दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह के चचेरे भाई हैं। छातापुर से लगातार चौथी बार MLA बने हैं।
प्रमोद कुमार – अति पिछड़ा वर्ग से आते हैं, मोतिहारी से लगातार 5वीं बार विधायक बने हैं।
सम्राट चौधरी – कुशवाहा समाज से आते हैं। अभी MLC हैं। पूर्व में भी मंत्री रह चुके हैं।
आलोक रंजन झा – ब्राह्मण हैं। सहरसा से लवली आनंद को हराकर सदन में पहुंचे हैं।
जनक राम – अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं, MLC बनाए जाएंगे। गोपालगंज से सांसद रह चुके हैं।
नीतीश कैबिनेट में JDU के 8 चेहरे
लेसी सिंह – राजपूत हैं और धमदाहा से MLA हैं।
सुमित सिंह – राजपूत हैं और चकाई से निर्दलीय MLA हैं। JDU को समर्थन दिया।
संजय झा – ब्राह्मण हैं और CM नीतीश के करीबी हैं। MLC हैं।
श्रवण कुमार – CM नीतीश के गृह जिले नालंदा से लगातार 7 वीं बार MLA हैं।
मदन सहनी – अति पिछड़ा हैं। दरभंगा के बहादुरपुर से MLA हैं।
जयंत राज – JDU के युवा कुशवाहा चेहरा, अमरपुर से MLA हैं।
जमां खान – BSP के टिकट पर चैनपुर से चुनाव जीते। अब JDU में हैं।
सुनील कुमार – दलित चेहरा हैं। भोरे से चुनाव जीते, पूर्व DGP हैं।
सबसे पहले शाहनवाज ने ली शपथ
सबसे पहले BJP नेता शाहनवाज हुसैन ने उर्दू में शपथ ली।
पांचवें नंबर पर संजय कुमार झा और 15वें नंबर पर आलोक रंजन ने मैथिली में शपथ ली।
BSP से JDU में आए जमां खान ने 16वें नंबर पर हिंदी में शपथ ली।
BJP MLA नारायण प्रसाद ने 3 बार शपथ ली। पहली बार राज्यपाल के ‘मैं’ बोलने से पहले शपथ लेना शुरू कर दिया था। दूसरी बार जब शपथ ली तो अपना नाम लेना भूल गए। तीसरी बार में सही से शपथ ले पाए।
अन्य नेताओं ने इस क्रम में ली शपथ : दूसरे नंबर पर श्रवण कुमार, तीसरे पर मदन सहनी, फिर प्रमोद कुमार, संजय कुमार झा, लेसी सिंह, सम्राट चौधरी, नीरज कुमार बब्लू, सुभाष सिंह, नितिन नवीन, सुमित कुमार सिंह, सुनील कुमार, नारायण प्रसाद, जयंत राज, आलोक रंजन, मो. जमा खान और जनक राम।
CM नीतीश समेत अब कैबिनेट में 31 मंत्री
बिहार की वर्तमान कैबिनेट में सीएम को लेकर मंत्रियों की संख्या 31 हो गई है। इससे पहले BJP के 7, JDU के 4, हम का एक और VIP का एक मंत्री था। बिहार सरकार में कुल 44 विभाग हैं। मंत्रियों के लिए 36 पद ही स्वीकृत किए गए हैं,क्योंकि विधानसभा की कुल सीटों के 15 प्रतिशत ही सदस्य मंत्री बनाए जा सकते हैं।