बिहार में मंत्रिमंडल का विस्तार शीघ्र हो जाएगा। मंगलवार को जनता के दरबार में उपमुख्यमंत्री कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने यह दावा किया। मीडियाकर्मियों की ओर से पूछे गए सवाल पर कहा कि बिहार में कभी भी मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है।
उपमुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब कयास लगाये जा रहे हैं कि बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार का काउंटडाउन शुरू हो गया है। दिल्ली में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद पटना आए उपमुख्यमंत्री के इस बयान के बाद भाजपा के संभावित मंत्रियों के नाम भी हवा में तैरने लगे। सभी जाति व वर्ग से विधायकों के नाम संभावित मंत्रियों के तौर पर सामने आने लगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय में विधायकों के समर्थक अपने-अपने नेताजी को मंत्री बनाते दिखे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार सोमवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बिहार भाजपा के नेताओं की मुलाकात के बाद माना जा रहा है कि राज्य इकाई ने अपनी ओर से संभावित मंत्रियों के नाम आलाकमान को दे दिए हैं। आज-कल में कभी भी पार्टी आलाकमान संभावित मंत्रियों के नाम तय कर लेगा। चर्चाओं के अनुसार बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव जल्द ही बिहार आएंगे। माना जा रहा है कि भूपेन्द्र यादव ही आलाकमान की ओर से सूची लेकर बिहार आएंगे।
उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के जनता दरबार में मंगलवार को कई राजद विधायक पहुंचे। सबसे पहले मधेपुरा से राजद विधायक डॉ. चंद्रशेखर जनता दरबार में पहुंचे। इसके बाद नवादा से राजद की विधायक विभा देवी पहुंचीं। फिर जगदीशपुर के राजद विधायक राम विशुन सिंह ने तारकिशोर प्रसाद से मुलाकात की। डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर कोई विधायक हमारे साथ आना चाहे तो‚ उसका हम स्वागत करेंगे। लेकिन आज ऐसी कोई बात नहीं हुई है। वहीं‚ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि अब इस मामले में भाजपा की ओर से कोई देरी नहीं है। उम्मीद है कि सीएम जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे। डिप्टी सीएम के जनता दरबार में राजद विधायकों के पहुंचने से अफवाहों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि‚ मधेपुरा विधायक डा. चंद्रशेखर का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर डिप्टी सीएम के पास पहुंचे थे। वहीं‚ विभा देवी का कहना है कि कोई और बात नहीं है। क्षेत्र के विकास को लेकर डिप्टी सीएम के पास पहुंचे थे। जनता दरबार में राजद विधायकों के आने के सवाल पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि किसी तरह की राजनीतिक खिचडी नहीं पक रही है‚ राजद के सभी विधायक अपने काम से आए थे। क्षेत्र के विकास की बात करने जनता दरबार में पहुंचे थे। वहीं‚ मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर डिप्टी सीएम ने साफ कर दिया है कि भाजपा की तरफ से विलंब नहीं है। सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इससे पहले सोमवार की देर रात तक दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बिहार भाजपा के सभी प्रमुख नेताओं की बैठक हुई थी। आलाकमान के साथ बिहार भाजपा के नेताओं की बैठक के बाद मंगलवार की सुबह पटना पहुंचे उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि हमारी पार्टी की तरफ से मंत्रिमंडल विस्तार में देर नहीं हुई। सब कुछ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर में है‚ उम्मीद है कि जल्द ही मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल विस्तार करेंगे।