शिक्षा विभाग अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करेगा। इसके तहत विभाग के 100 दिनों के कार्यों की पूरी जानकारी सार्वजनिक किया जाएगा। यह जानकारी शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दी। उन्होंने कहा कि हम जो कुछ कर रहे हैं, उसकी जानकारी राज्य की जनता को होनी चाहिए। ऐसे में हम अपने कार्यों की जानाकारी रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से जनता को देंगे।
मंत्री शुक्रवार को सचिवालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग के कार्यों को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा। कोई व्यक्ति राज्य के किसी हिस्से से अपनी शिकायत लेकर आए, उसका काम होना चाहिए। सचिवालय किसी व्यक्ति की अंतिम सीढ़ी है, यहां यदि उनकी बात नहीं सुनी जाएगी तो उसका विश्वास डगमगाएगा। हम ऐसा नहीं चाहते। मंत्री ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधारभूत संरचना के विकास पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा। आवश्यकताानुसार वर्ग कक्ष, शौचालय, उपस्कर, पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली आदि का भी प्रबंध किया जाएगा। हमारा ध्यान विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर होगा।
एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि टीआरई 4 के तहत शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। सरकार आवश्यकतानुसार शिक्षकों की बहाली करेगी। उन्होंने जनगणना कार्यों के साथ अध्यापन की अनिवार्यता पर विचार करने की भी बात कही। दावा किया कि शिक्षकों को परेशानी नहीं होगी। इसका रास्ता निकाला जाएगा।
दरअसल, विभाग ने पिछले दिनों एक आदेश निकाला है, जिसके तहत शिक्षकों को विद्यालयी कार्यों के पहले या बाद में जनगणना कार्य करना है।







