बिहार में नगर निकायों में काम करने वाले सफाईकर्मियों और ड्राइवर्स की हड़ताल का आज तीसरा दिन है। इस हड़ताल में करीब 42 हजार सफाई कर्मचारी और ड्राईवर्स शामिल हैं।
हड़ताल की वजह से गली-मोहल्लों में कचरा पड़ा हुआ है। बदबू से लोगों का हाल बेहाल है। कचरा फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
पटना नगर निगम में 5 हजार कर्मचारी हड़ताल में शामिल हैं। शहर का कचरा उठाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई है, लेकिन हड़ताल में शामिल कर्मचारी उन कर्मचारियों को कचरा उठाने से रोक रहे हैं।
निगम आयुक्त ने काम में बाधा डालने वालों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं। पटना में कई जगहों पर पुलिस की मौजूदगी में कचरा उठाया जा रहा है। विरोध का सामना ना करना पड़े इसलिए रात में कचरा उठाया जा रहा है।
राजधानी पटना में नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर संकट गहराता जा रहा है। संविदा पर काम कर रहे करीब 4700 सफाईकर्मी और ड्राइवर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को भी सभी छह अंचल कार्यालयों और संबंधित यार्ड में कर्मियों ने प्रदर्शन करने का एलान किया है। कई मोहल्लों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण नहीं हो सका, सफाई अभियान ठप रहा और कचरा ढोने वाले ई-रिक्शा व बड़े वाहनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। इससे लोगों को गंदगी और कचरे की समस्या का सामना करना पड़ा।
रात में चला विशेष सफाई अभियान, पुलिस बल रहेगा तैनात
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सभी सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि हर वार्ड में काम कर रहे सफाईकर्मियों के अतिरिक्त 15 से 20 सहयोगियों की टीम तैयार कर काम कराएं। उन्होंने काम में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित अंचलों में लगातार निगरानी रखते हुए रात में विशेष सफाई अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की निगरानी में कचरे का उठाव किया जाएगा।
बायोमेट्रिक और मैनुअल अटेंडेंस जरूरी
सभी सफाई निरीक्षकों और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी निगरानी में सभी स्थायी, दैनिक और आउटसोर्सिंग एजेंसी के सफाई कर्मियों की बायोमेट्रिक और मैनुअल उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं। उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सफाई कर्मियों से काम पर लौटने की अपील
नगर आयुक्त ने सभी सफाई कर्मियों से कार्य पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम ने सफाई कर्मियों के यूनियन की सभी मांगें, जो निगम के अधिकार क्षेत्र में थीं, पहले ही मान ली है। इसके अलावा बाकी मांगों को भी भेजा गया है। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल अपने काम पर लौटें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
डेढ़ महीने पहले हड़ताल की सूचना, मगर कोई बातचीत नहीं
पटना नगर निगम समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, हमने डेढ़ महीने पहले हड़ताल की सूचना दे दी थी। अगर सरकार की मंशा सही होती तो सूचना देने के एक सप्ताह के अंदर ही बातचीत कर समस्या का समाधान करने की कोशिश की जाती।







