सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार बेगूसराय पहुंचे। यहां से उन्होंने बिहार के 551 मॉडल स्कूल (सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय) की शुरुआत की है।
इन स्कूलों में स्मार्ट क्लासेस, ई-लाइब्रेरी के साथ अनुभवी शिक्षक बच्चों को पढ़ाएंगे। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रों से बात की।
इस दौरान डिप्टी सीएम विजय चौधरी, सांसद गिरिराज सिंह, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, मंत्री रामकृपाल भी साथ दिखे।
थोड़ी देर में सम्राट चौधरी रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में जनसंवाद करेंगे। इसे लेकर विशाल जर्मन हैंगर लगाया गया है। जिसमें 5000 लोगों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था की गई है।
सीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा सख्त
गांधी स्टेडियम और बीपी स्कूल से रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम तक आयोजित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। शनिवार की शाम से ही विभिन्न जगहों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
मॉडल स्कूल से 9वीं से 12वीं के छात्रों को सीधा फायदा
शिक्षा विभाग के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना का मुख्य उद्देश्य 9वीं से 12वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और समग्र शिक्षा उपलब्ध कराना है। इन आदर्श विद्यालयों को इस तरह से तैयार किया जा रहा है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के बच्चों को भी निजी स्कूलों जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिल सके।
शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन की ओर से राज्य के सभी DM को निर्देश जारी किए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि बच्चों की पढ़ाई शुरू हो जानी चाहिए। डीएम को निर्देश दिया है कि वे व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्कूल में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा कोई काम लंबित नहीं रहे।
15 जुलाई को हुई बिहार के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की शुरुआत
भागलपुर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार (15 जुलाई) को बिहार के 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की शुरुआत की। काशील गांव में मंच से CM ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ये आजादी के बाद सबसे बड़ा कदम है। इन डिग्री कॉलेजों की लगातार मॉनिटरिंग होगी।
अगले 1 साल में नई जगह पर विक्रमशिला यूनिवर्सिटी की स्थापना की जाएगी। भागलपुर में AI और कंप्यूटर साइंड के लिए एक और कॉलेज खोलेंगे।
मुख्यमंत्री ने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से लौटने की अपील की। CM ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आप लोगों के लिए एक ही ऑप्शन है भागलपुर जेल या बिहार छोड़कर चले जाइए।







