बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के लिए नाक का सवाल बन गई है। प्रशांत किशोर (PK) की बढ़ती सक्रियता ने भाजपा खेमे में खलबली मचा दी है। जन सुराज पार्टी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए बीजेपी ने बांकीपुर में अपने दिग्गज नेताओं की पूरी फौज उतार दी है। इस राजनीतिक घमासान के बीच पीके समर्थकों का दावा है कि ‘एक अकेला आदमी आज सीना तानकर खड़ा हो गया है, जिससे पूरी भाजपा थर-थर कांप रही है।’ भाजपा जहां अपने इस पुराने गढ़ को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है, वहीं प्रशांत किशोर की रणनीति ने मुकाबले को बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय बना दिया है।
बांकीपुर में नाक की लड़ाई
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा, ‘देख लीजिए कि एक जन सुराज जिसका कोई संगठन नहीं है। हमने बांकीपुर में कोई काम नहीं किया है। एक आदमी खड़ा हो गया है और पूरी भाजपा ऊपर से नीचे थर-थर-थर-थर कांप रही है। हजारों वर्कर्स को मैदान में उतारा है। बांकीपुर में अपने शो-कॉल्ड किले को बचाने के लिए जहां वोट मांगने भी नहीं जाते थे, वहां एक-एक वार्ड में सुबह-शाम मंत्री लोग घूम रहे हैं। तो ये बिहार की जनता के लिए अच्छा दिन आ रहा है क्योंकि जितने नेता मंत्री आज तक पूछने भी नहीं आता था, अब घर-घर जा के कह रहा है कि वोट दीजिए।’
घर-घर घूम रहे बीजेपी के मंत्री
प्रशांत किशोर ने कहा, ‘कल तक कह रहा था कि कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा करेंगे तो वोट हमीं को मिलेगा और आज सभी वार्ड में बीजेपी के नेता मंत्री घर-घर जा रहे हैं और यही लोकतंत्र की ताकत है। यही जन सुराज चाहता है कि लोगों के पास विकल्प हो ताकि नेता कोई भी सिर्फ लालू जी का डर दिखा कर वोट लेने की जो रवायत बन गई है उस पर रोक लगे। लोग राजनीतिक बंधुआ मजदूरी से बाहर निकले और सही लोगों का चुनाव करें।’
कास्ट इक्वेशन पर भी बोले पीके
सूचना है कि बांकीपुर में बीजेपी के सीनियर नेता अलग-अलग जातियों के हिसाब से भी बैठकें कर रहे हैं। प्रशांत किशोर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘जिसका बैठक चल रहा है चले। पूरे बांकीपुर की जनता.. अभी कल तक तो ये लोग कह रहे थे कि कौन है प्रशांत किशोर? हमारी लड़ाई राजo से है और आप बेचारे ऊपर से नीचे लगे हुए हैं। कभी जाति का बैठक कर रहे हैं, कभी वार्ड का बैठक कर रहे हैं। कोई बैठक कर लें, जनता इन लोगों से मिलेगी नहीं। ये लोग जो पैसे बांट रहे हैं, जो बढ़िया खाना खिला रहे हैं, जनता उसका मजा ले लेकिन वोट के दिन जैसे इन लोगों ने वोट लेकर आपको ठगा है, जनता को ठगा है, वैसे जनता भी इस बार इनका खाने-पीने के बाद ठगेगी और इनको बुरी तरीके से हराएगी।’
फिर निशाने पर संजय जायसवाल
बिहार बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधा था। इसे लेकर प्रशांत से जैसी सवाल पूछा गया, उन्होंने कहा, ‘संजय जायसवाल कौन हैं? पेट्रोल चोर। पेट्रोल चोर नेता को का नाम ले रहे हैं आप लोग। वो हम पर केस किए हैं मानहानि का। बोलिए कि पहले ध्यान देकर उस केस को लड़े। उसके बाद उनके बात का जवाब दिया जाएगा।







