बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नाम वापस ले सकते हैं. नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को मतगणना के साथ ही उपचुनाव के अंतिम परिणाम जारी कर दिए जाएंगे. इसके साथ ही 4 अगस्त तक चुनाव की पूरी आधिकारिक प्रक्रिया संपन्न करा ली जाएगी. इस बीच उपचुनाव के लिए नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई है. चुनाव आयोग ने 40 में से 13 उम्मीदवारों का नामांकन खारिज कर दिया है, जबकि 26 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं. बता दें कि बीजेपी के अभिषेक कुमार बंटी ने पहले ही अपना नामांकन वापस ले लिया था. अब बचे प्रमुख वैध उम्मीदवारों में बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और आरजेडी की रेखा गुप्ता शामिल हैं. वहीं, तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन रद्द हो गया है.
अब जब मैदान में कुल 26 उम्मीदवार बच गए हैं और अगर 16 जुलाई तक नाम वापसी में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ तो अब पटना शहर की इस वीआईपी सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद दिलचस्प होने की उम्मीद है. इसको लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आइए एक नजर डालते हैं उन उम्मीदवारों की सूची पर जिनके नामांकन वैध पाए गए हैं.
प्रशांत किशोर समेत इन 26 कैंडिडेट का पर्चा सही
- नीरज कुमार सिन्हा – बीजेपी
- प्रशांत किशोर – जन सुराज पार्टी
- रेखा गुप्ता – आरजेडी
- तनवीर आलम – रालोजपा
- मृत्युंजय कुमार – राष्ट्रीय समाजहित दल
- रामबाबू प्रसाद – राष्ट्रीय गरीब दल
- सूरज यादव – पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक)
- ब्रजेश पटेल – निर्दलीय
- अशोक कुमार – समता पार्टी
- मनीषा शर्मा – राष्ट्रीय अपना दल
- नीतीश कुमार – निर्दलीय
- बैजनाथ प्रसाद – भारतीय जवान किसान पार्टी
- सुकेश कुमार – निर्दलीय
- बगीश नंदन – निर्दलीय
- प्रदीप कुमार – भारतीय आवाम पार्टी
- बिनोद राय – बिहार जस्टिस पार्टी
- अभय चौधरी – निर्दलीय
- जितेंद्र दुबे – अखिल भारतीय जनसंघ
- प्रेमशंकर प्रसाद – प्रॉटिस्ट ब्लॉक इंडिया
- सिकंदर कुमार – निर्दलीय
- मिथिलेश कुमार – निर्दलीय
- मनोरंजन श्रीवास्ताव – प्रगतिशील जनता पार्टी
- अनिल दास – निर्दलीय
- लालू प्रसाद यादव – निर्दलीय
- निरंजन आचार्य – राइट टू रिकॉल पार्टी
- उपेंद्र सहनी – राष्ट्रीय जनसंभावना पार्टी
मैदान में हमनाम उम्मीदवार, लालू-नीतीश भी शामिल
बांकीपुर उपचुनाव में एक बेहद अनोखा और दिलचस्प नजारा भी देखने को मिल रहा है. इस सीट पर दो ऐसे निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी पर्चा दाखिल किया है, जिनके नाम बिहार के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों और दिग्गज राजनेताओं से हुबहू मिलते हैं. चुनाव आयोग की स्क्रूटनी में लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार नाम के दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं. इन दोनों ही हमनाम उम्मीदवारों का पर्चा स्वीकार कर लिया गया है. एक नजर उन सभी उम्मीदवारों के नामों पर जिनका नॉमिनेशन कैंसल हो गया है.
वीणा मानवी समेत इन 13 उम्मीदवारों का नामांकन रद्द
- गोरख राम – भोजपुरिया जन मोर्चा
- अनिता चौहान – निर्दलीय
- ऋषिकेश नारायण सिंह – ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक
- अभिषेक श्रीवास्तव – लोहिया जनता दल
- उमेश कुमार – निर्दलीय
- विनय झा – निर्दलीय
- शिव गांधी – निर्दलीय
- राधेश्याम गुप्ता – राष्ट्रीय लोक समता पार्टी
- राजीव रंजन सिन्हा – राष्ट्रवादी विकास पार्टी
- नवीन तिवारी – सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया)
- वीणा मानवी – जनशक्ति जनता दल
- प्रियांशु राज – निर्दलीय
- महेश कुमार – निर्दलीय
तेज प्रताप की पार्टी को झटका, वीणा मानवी का पर्चा खारिज
इस चुनावी प्रक्रिया में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल को बड़ा झटका लगा है. जेजेडी की तरफ से महिला विंग की प्रमुख और सामाजिक कार्यकर्ता वीणा मानवी उर्फ वीणा मांडवी को बांकीपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया था. सोमवार को उन्होंने बड़े ही उत्साह के साथ अपना पर्चा दाखिल किया था, लेकिन मंगलवार को हुई स्क्रूटनी के दौरान चुनाव आयोग ने तकनीकी खामियों के चलते उनका नामांकन पत्र खारिज कर दिया. वीणा मानवी का पर्चा रद्द होने से जेजेडी खेमे में मायूसी छा गई है और पार्टी अब इस सीट पर सीधे मुकाबले से बाहर हो गई है.
नामांकन वापसी के लिए 16 जुलाई तक का समय
बहरहाल, बांकीपुर सीट पर चुनाव आयोग के द्वारा 13 उम्मीदवारों के पर्चे रद्द किए जाने के बाद वर्तमान में 26 प्रत्याशी रेस में बने हुए हैं. निर्वा3चन आयोग के नियमानुसार, जो प्रत्याशी स्वेच्छा से अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, उनके लिए 16 जुलाई की तारीख निर्धारित की गई है. 16 जुलाई की शाम तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बांकीपुर उपचुनाव की अंतिम और वास्तविक चुनावी तस्वीर सामने आ पाएगी. इसके बाद ही प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे.







