भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री दिलीप जायसवाल, सांसद राधामोहन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उनके नाम पर पटना में एक भव्य पार्क बनाने की घोषणा की. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की. इसके बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पंडित चाणक्य के बाद यदि किसी नेता ने अखंड भारत का सपना देखा तो वह डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी थे. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.
अनुच्छेद 370 हटाने का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 में जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत जनादेश दिया, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया. उन्होंने इसे डॉ. मुखर्जी के विचारों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम बताया.
पटना में बनेगा डॉ. मुखर्जी के नाम पर पार्क
सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अगले वर्ष बलिदान दिवस तक पटना में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर एक भव्य पार्क तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और योगदान से परिचित कराने का माध्यम बनेगा.
एनडीए की एकजुटता पर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी बिहार की धरती से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की मजबूत राजनीतिक संरचना खड़ी हुई थी. उन्होंने दावा किया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 27 दलों का गठबंधन देश के विकास के लिए काम कर रहा है. बता दें कि कार्यक्रम में केंद्रीय और प्रदेश स्तर के कई भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
दिलीप जायसवाल के बयान से राजनीतिक हलचल
कार्यक्रम के दौरान बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि देश की आजादी में मुस्लिम समाज के अनेक लोगों ने भी महत्वपूर्ण बलिदान दिया था. हालांकि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आज कुछ लोग देश में रहकर देश विरोधी गतिविधियों का समर्थन करते हैं. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और घुसपैठ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर देश विरोधी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की.







