देश-प्रदेश में निरंतर बढ़ रही बेरोजगारी, कमरतोड़ महंगाई, गिरती विधि व्यवस्था, लूट, भ्रष्टाचार एवं जनविरोधी नीतियों के मसले पर राजद ने बुधवार को राज्यव्यापी धरना दिया। पटना के गर्दनीबाग में आयोजित धरना में प्रदेश राजद अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि धरना से सरकार में बैठे हुए लोग बेचैन हैं। जनता के सवाल पर सरकार को बेचैन करने के लिए सड़क से लेकर सदन तक राजद संघर्ष और आंदोलन को धार देगा।
राजद के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रो. मनोज कुमार झा ने कहा कि डबल इंजन सरकार में महंगाई तेजी से बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इससे आम जनों का जीवन दुभर हो गया है। पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि से यात्री भाड़ा और माल भाड़ा में वृद्धि हो रही है। बिहार में सबसे अधिक पेट्रोलियम पदार्थों पर वैट और सरचार्ज लगाए जा रहे हैं, जो अन्याय है। किसानों को परेशानी हो रही है। प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन और संघर्ष का कार्यक्रम आगे भी जारी रहेगा।
पटना जिला राजद अध्यक्ष दीनानाथ सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन महताब आलम ने किया। मौके पर सुरेश पासवान, डॉ रामानंद यादव, मुकुंद सिंह, मुन्नी रजक,अफरोज आलम, हरिनारायण यादव, अफरोज आलम, उपेंद्र यादव, जेम्स कुमार यादव, वकील यादव, मुस्ताक अहमद, रंजीत गोप, सतीश चंद्रवंशी, मंटू यादव, मृत्युंजय तिवारी आदि मौजूद रहे।







