राज्य में रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने के लिए खेत बचाओ अभियान शुरू किया गया है। यह 30 जून तक चलेगा। सोमवार को मीठापुर स्थित कृषि भवन में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना के किसानों की मौजूदगी में इसका शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि सभी किसान एक चौथाई खेती प्राकृतिक विधि से करें। किसानों को प्राकृतिक खेती का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि इस अभियान से खेती और किसानों की तकदीर बदलेगी। गोबर, गोमूत्र और बीजामृत से जो फसल लहलहाती है। प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि प्राकृतिक तरीके से खेती हो और उर्वरकों का कम से कम इस्तेमाल किया जाए।आईसीएआर पटना के निदेशक डॉ. अनूप दास, कृषि निदेशक सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार, विशेष सचिव डॉ. विरेंद्र प्रसाद यादव, विनय कुमार पांडेय, डीपी त्रिपाठी सहित कृषि वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद थे। अभियान के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम-किसान सम्मान निधि से वंचित रह गए पात्र किसानों को जोड़ने, राष्ट्रीय दलहन-तिलहन मिशन और कृषि यांत्रिकीकरण योजनाओं का लाभ सीधे गांव के स्तर पर सुलभ कराया जाएगा।







