बिहार की पूर्व CM राबड़ी देवी को 20 साल पुराना सरकारी बंगला खाली करना होगा। शुक्रवार को ये आदेश भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी किया गया है। विभाग का राबड़ी देवी को ये तीसरा नोटिस है।
नोटिस पर राबड़ी देवी ने कहा, 10 सर्कुलर रोड वाला अवास किसी भी कीमत पर खाली नहीं करेंगे। सम्राट नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं। हम तो चाहते हैं सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर आवास खाली करवा लें। आज ही वे दिल्ली से पटना लौटी हैं।
नोटिस में कहा गया है कि ये आवास अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन (पशुपालन) मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित कर दिया गया है। बिहार चुनाव-2025 के बाद ही राबड़ी देवी को नया 39 हार्डिंग रोड बंगला आवंटित किया गया था।
राबड़ी को 39 हार्डिंग रोड वाला बंगला अलॉट हुआ है
भवन निर्माण विभाग के अनुसार, विभागीय आदेश संख्या-122 दिनांक 25 नवंबर 2025 के तहत विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी आवास आवंटित किया गया था।
ये आवास राबड़ी देवी के नाम पहले ही जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक उन्होंने पूर्व से आवंटित 10 सर्कुलर रोड आवास खाली नहीं किया है।
लालू परिवार साल 2005 से 10 सर्कुलर रोड’ बंगला में रह रहा है। बीते 6 महीने में राबड़ी देवी से 2-3 बार आग्रह किया गया कि वो नये आवंटित बंगला 39 हार्डिंग रोड में जाएं, लेकिन अब तक लालू परिवार ने अब तक आवास नहीं छोड़ा है।
नया आवास 39 हार्डिंग रोड पर आवंटित, फिर भी नहीं हुई शिफ्टिंग
राबड़ी देवी को पिछले साल नवंबर के अंत में 39, हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित कर दिया गया था. यह बंगला आकार, सुविधाओं और सुरक्षा के लिहाज से काफी बेहतर और आधुनिक है. इसके बावजूद लालू परिवार अभी तक पुराने आवास से शिफ्ट नहीं हुआ है. सरकार का कहना है कि 10 सर्कुलर रोड का बंगला अब बीजेपी के दलित कोटे के मंत्री नंदकिशोर राम को दे दिया गया है. इसलिए राबड़ी देवी को इस बंगले को खाली करना अनिवार्य है.
भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी आवास केवल पद पर रहते हुए ही दिए जाते हैं. राबड़ी देवी को पहले ही नया आवास दे दिया गया है, इसलिए पुराने आवास पर कब्जा बनाए रखना उचित नहीं है. यह मुद्दा राजनीतिक रूप से भी काफी संवेदनशील माना जा रहा है. आरजेडी की ओर से इस नोटिस को राजनीतिक प्रतिशोध बताया जा रहा है, जबकि सत्ताधारी गठबंधन इसे सरकारी संपत्ति के उचित उपयोग की दिशा में एक सामान्य कार्रवाई बता रहा है. अभी यह देखना बाकी है कि राबड़ी देवी इस फाइनल नोटिस के बाद कब तक 10 सर्कुलर रोड का बंगला खाली करती हैं.







