बिहार में नई सरकार बनने से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. सीएम नीतीश कुमार के करीबी अफसरों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति मिली है. यानी कि नई सरकार बनने के साथ ही नीतीश के करीबी भी राज्य से केंद्र में चले जाएंगे. सीएम नीतीश कुमार ने अब तक इस्तीफा दिया नहीं है. उनके इस्तीफे से पहले ही ब्यूरोक्रेसी में फेरबदल देखने को मिला है. केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी कर बिहार कैडर के कई आईएएस (IAS) और आईपीएस (IPS) अधिकारियों को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बुला लिया है. केंद्र की पहली लिस्ट में सीएम नीतीश के सबसे भरोसेमंद अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं.
- मुख्यमंत्री नीतीश के सचिव अनुपम कुमार ऊर्जा मंत्रालय में ज्वाइंट सेक्रेटरी बनाए गए हैं.
- 2003 बैच के IAS अधिकारी अनुपम कुमार की गिनती नीतीश कुमार के करीबी अधिकारियों में होती है.
- वहीं उनकी पत्नी IAS प्रतिमा एस वर्मा भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रही हैं.
- IAS वंदना प्रेयसी फर्टिलाइजर विभाग में ज्वॉइंट सेक्रेटरी बनाई गई हैं.
- IPS राकेश राठी, IAS श्रवनन एम जैसे अधिकारी भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं.
आज 14 अप्रैल को दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं और कल 15 अप्रैल को भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार का शपथ ग्रहण होना है. सत्ता परिवर्तन से ऐन पहले इतने बड़े स्तर पर वरिष्ठ अधिकारियों का केंद्र में जाना प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है.







