मिडिल ईस्ट की जंग के बीच ईरान ने दावा किया है कि उसने एक और अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है, साथ ही यह भी कहा कि गंभीर चोटों के कारण पायलट के बचने की संभावना नहीं है. ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार ईरानी सेना के मुख्यालय, खतम अल-अंबिया के प्रवक्ता ने यह दावा किया है. इतना ही नहीं 4 फोटो भी शेयर किए गए हैं और दावा किया कि ये मार गिराए गए F-35 लड़ाकू विमान के टूटे-फूटे अवशेष हैं.
हालांकि, अभी तक अमेरिकी सेना के यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है. यदि ईरान का यह दावा सच है, तो यह ईरान का बड़ा पलटवार होगा. आपको बता दें कि F-35 अमेरिका का पांचवी पीढ़ी का लड़ाकू विमान है और यह सबसे एडवांस अमेरिकी स्टील्थ लड़ाकू विमानों में से एक है. स्टील्थ होना यानी इसका पता लगा पाना लगभग नामुमकिन होता है. यह रडार से पकड़े जाने और भारी एयर डिफेंस सिस्टम वाले दुश्मन देशों के अंदर भी काम करने में सक्षम है.
इससे पहले 19 मार्च को ईरान ने अमेरिकी F-35A फाइटर जेट को गिराने की बात कही थी. साथ ही उन्होंने इसका वीडियो भी जारी किया था. वीडियो में विमान पर हमला होता तो दिख रहा है, लेकिन उसके क्रैश होने की पुष्टि नहीं हुई. कुछ रिपोर्टों के मुताबिक एयरक्राफ्ट को नुकसान हुआ, पायलट को मामूली चोटें आईं लेकिन वह स्थिर रहा और पायलट बच गया और प्लेन क्रैश नहीं हुआ. बाद में इसने मिडिल ईस्ट में एक US एयर बेस पर सफलतापूर्वक इमरजेंसी लैंडिंग की.






