बिहार में शुक्रवार को रामनवमी पर्व सभी स्थानों पर मनाया जाएगा। इसके लिए जोरदार तैयारियां की गई हैं। पटना में रामनवमी पर कई आयोजन होंगे। शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शोभायात्रा में शामिल 52 समूहों को सम्मानित करेंगे। हनुमान मंदिर प्रबंधन की ओर से 25 हजार किलो नैवेद्य प्रसाद तैयार कराया गया है। रामनवमी पर्व के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
शोभायात्रा में शामिल समूहों का सम्मान करेंगे नवीन
पटना के डाक बंगला चौराहे पर आयोजित होने वाली रामनवमी शोभायात्रा राज्य का एक सबसे भव्य धार्मिक आयोजन का रूप ले चुका है। यहां पर बीजेपी के अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल होने वाले 52 समूहों को सम्मानित करेंगे। यहां बनाए गए मंच पर नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा सहित एनडीए के कई नेता मौजूद रहेंगे।
इस साल रामनवमी के आयोजन की तैयारियां पहले से अधिक व्यापक रूप से की गई हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नितिन नवीन रामनवमी शोभायात्रा के संयोजक के रूप में इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। शोभायात्रा पर ड्रोन से फूल बरसाए जाएंगे। डाक बंगला चौराहे पर लेजर लाइट की सजावट की गई है। शोभायात्रा के स्वागत के लिए डाक बंगला चौराहा सजाया गया है। चौराहे को दूधिया और रंगबिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
हनुमान मंदिर में बना 25 हजार किलोग्राम प्रसाद
रामनवमी पर्व पर पटना में 25 हजार किलोग्राम नैवेद्य प्रसाद तैयार किया गया है। यह 90 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। हनुमान मंदिर के प्रबंधन के अनुसार 18 हजार किलोग्राम प्रसाद पैकेटों में पैक किया जा चुका है। रामनवमी पर मंदिर और वीर कुंवर सिंह पार्क के बीच 15 काउंटरों से इसका विक्रय किया जाएगा। नैवेद्य को तैयार करने में गुणवत्ता पर खास ध्यान दिया गया है। इसका निर्माण तिरुपति से आए कारीगरों ने किया है।
रामनवमी पर्व पर गुरुवार से ही शहर के चार किलोमीटर के दायरे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शहर के आठ रास्तों से होकर शोभायात्रा गुजरेगी। इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार को रात में आठ बजे से कई सड़कों पर वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग परिवर्तित कर दिए जाएंगे।
रामनवमी पर होने वाली भीड़ को देखते हुए सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर तैयारी की गई है। डाक बंगला, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ, अशोक राजपथ, जीपीओ, पटना जंक्शन, फ्रेजर रोड, एग्जीबिशन रोड सहित अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा की खास व्यवस्थाएं की गई हैं। इन स्थानों पर पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी तैनात रहेंगी।
सीसीटीवी कैमरे रखेंगे भीड़ पर नजर
महावीर मंदिर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों से भीड़ की निगरानी की जाएगी। मंदिर में सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 भक्तों को सम्मानित किया जाएगा। महावीर मंदिर के पट रात में दो बजे खुलेंगे। यहां पर पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। रामनवमी के दिन सुबह नौ बजे ध्वज पूजन और संकल्प का कार्यक्रम आयोजित होगा।
पटना के राजवंशी नगर के श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में रात आठ बजे से दर्शन हो सकेंगे। इस मंदिर में भी रामनवमी पर विशेष आयोजन होंगे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रण करने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।







