लोकसभा में गुरुवार को विपक्ष के सांसदों ने देश में सिलेंडर संकट के मुद्दे पर हंगामा किया। सुबह 11 बजे जैसे ही कार्यवाही शुरू हुई सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। स्पीकर ओम बिरला ने सांसदों से सदन की कार्यवाही शुरू करने का आग्रह किया, लेकिन विपक्ष नहीं माना तो कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।
लोकसभा में विपक्ष द्वारा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बुधवार को खारिज कर दिया गया। इसके बाद गुरुवार को स्पीकर ओम बिरला दोबारा सदन की अध्यक्षता करने के लिए कुर्सी पर लौटे। उधर, संसद परिसर में राहुल समेत विपक्ष के सांसदों ने सिलेंडर संकट पर प्रदर्शन किया। सांसदों ने ‘नरेंदर भी गायब, सिलेंडर भी गायब’ के नारे लगाए।
राहुल गांधी ने कहा- “प्रधानमंत्री कहते हैं कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन वह खुद घबराए हुए लग रहे हैं, बिल्कुल अलग वजहों से। वे एप्स्टीन अदाणी केस की वजह से पैनिक हैं। आपने कल देखा कि सदन के अंदर प्रधानमंत्री की कुर्सी खाली थी। वह देश से कह रहे हैं कि घबराएं नहीं, जबकि वह खुद परेशान लग रहे हैं।’ उधर, राज्यसभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला पर हमले का मुद्दा उठाया।
संसद में आज क्या खास?
इसी बीच संसद में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है. लोकसभा स्पीकर के खिलाफ प्रस्ताव पर चर्चा के बाद अब पूरा विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की तैयारी में जुट गया है. तृणमूल कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष गुरुवार को नोटिस देने की तैयारी कर रहा है, जिस पर लोकसभा के 120 और राज्यसभा के 60 सदस्यों के हस्ताक्षर जुट चुके हैं. विपक्ष का आरोप है कि पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में भारी अनियमितताएं हुई हैं और यह मुद्दा आगामी विधानसभा चुनावों को प्रभावित कर सकता है. यदि यह प्रस्ताव स्वीकार होता है, तो यह देश में पहली बार होगा जब किसी कार्यरत मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू होगी.
LPG के मुद्दे पर विपक्ष का संसद में प्रदर्शन
देशभर में बढ़ती रसोई गैस की कमी और सिलेंडर की किल्लत को लेकर आज विपक्षी दल संसद परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं. विभिन्न राज्यों में LPG उपलब्धता की समस्या और बढ़ती कीमतों को मुद्दा बनाते हुए विपक्ष ने सरकार पर आम लोगों की रसोई पर सीधा प्रहार करने का आरोप लगाया. संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्षी सांसद हाथों में पोस्टर और सिलेंडर के प्रतीक लेकर परिसर में एकत्र हुए. नेताओं ने कहा कि रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से लाखों परिवार परेशान हैं और सरकार स्थिति को हल्के में ले रही है. विपक्ष का कहना है कि महंगाई पहले ही लोगों को तोड़ रही है और अब गैस संकट ने रोजमर्रा की जिंदगी को और मुश्किल बना दिया है. उन्होंने सरकार से तुरंत हस्तक्षेप और देशभर में LPG की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
पेट्रोलियम मंत्रालय की स्टैंडिंग कमेटी की अहम बैठक आज
गैस संकट के बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की स्टैंडिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर 4:30 बजे होगी. बैठक का मुख्य एजेंडा डिमांड फॉर ग्रांट्स पर ड्राफ्ट रिपोर्ट को मंज़ूरी देना है, लेकिन मौजूदा LPG‑गैस संकट पर चर्चा होने की भी पूरी संभावना है. आज विपक्ष ने संसद के भीतर और बाहर दोनों जगह गैस संकट को प्रमुखता से उठाने का फैसला किया है, जिससे बैठक का माहौल और भी गर्म रहने की उम्मीद है.
जेपी नड्डा ने कहा- फारूक पर हमले की निष्पक्ष जांच होगी
भाजपा सांसद जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा कि फारूक अब्दुल्ला पर जो हमला हुआ। वह बहुत गंभीर है। मैं सरकार की ओर से विश्वास दिलाता हूं कि जितनी भी जांच की जरूरत होगी पूरी की जाएगी। लेकिन विपक्ष ने जो कहा कि सरकार उनकी जान लेना चाहती है। यह विपक्ष का काम है। इनकी सरकार के वक्त जम्मू-कश्मीर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की संदेहास्पद मौत हुई थी। उस पर कांग्रेस ने आज तक जवाब नहीं दिया।
मल्लू रवि ने कहा- स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विरोध दर्ज कराने के लिए लाए थे
कांग्रेस सांसद मल्लू रवि ने कहा कि लोकसभा स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव विपक्ष ने केवल अपना विरोध दर्ज कराने के लिए लाया था और उन्हें पहले से पता था कि यह प्रस्ताव पारित नहीं होगा। मल्लू रवि ने कहा, ‘मैं उन लोगों में से एक हूं जिन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। हमने यह प्रस्ताव सिर्फ स्पीकर के खिलाफ अपना असंतोष जताने के लिए लाया था। हमें हमेशा पता था कि यह प्रस्ताव हार जाएगा।’







