बिहार में जारी सियासी हलचल के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार (10 मार्च 2026) को पार्टी की एक अहम बैठक बुलाई है. इस बैठक में पार्टी के सभी विधायकों को शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. माना जा रहा है कि प्रदेश में तेजी से बदल रहे राजनीतिक हालात और संभावित सियासी फेरबदल को लेकर इस बैठक में रणनीति पर चर्चा की जाएगी. ऐसे समय में बुलाई गई यह बैठक राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में बिहार की राजनीति में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन करने के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है. बिहार के सियासी गलियारे में हर ओर यही चर्चा हो रही है कि बिहार का अगला सीएम कौन होगा? वहीं इसी बीच जेडीयू के भीतर भी नए नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इन घटनाक्रमों को देखते हुए महागठबंधन की यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर होगी चर्चा
बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा. महागठबंधन के नेता इस बात पर विचार करेंगे कि चुनाव में किस तरह एकजुट होकर मुकाबला किया जाए और गठबंधन के वोटों को किस प्रकार संगठित रखा जाए. साथ ही यह भी चर्चा होने की संभावना है कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में विपक्ष की भूमिका क्या होनी चाहिए.
तेजस्वी के लिए कितनी बड़ी चुनौती है निशांत की पॉलिटिकल एंट्री?
इस बीच बिहार की राजनीति में एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे
निशांत कुमार ने हाल ही में औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण की है. पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी में शामिल होकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की. उनके इस कदम को जेडीयू में संभावित पीढ़ीगत बदलाव और भविष्य की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. अब बिहार में तेजस्वी यादव को युवा चेहरे के रूप में निशांत कुमार की चुनौती मिलेगी. ऐसे में तेजस्वी यादव बिहार की वर्तमान राजनीतिक हालात को लेकर भी पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे.
बिहार में मची बड़ी सियासी उथल-पुथल!
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार की जेडीयू में एंट्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों ने बिहार की राजनीति को नया मोड़ दे दिया है. इन घटनाओं के बाद विपक्षी दल भी अपनी रणनीति को लेकर सक्रिय हो गए हैं. इसी कड़ी में तेजस्वी यादव की ओर से बुलाई गई यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि बैठक में महागठबंधन के प्रमुख दलों के नेता मौजूद रहेंगे और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा राज्यसभा चुनाव के दौरान वोटिंग की रणनीति, गठबंधन की एकजुटता और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी विचार किया जाएगा.
काफी अहम मानी जा रही तेजस्वी यादव की बैठक
बिहार में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुटे हैं, जहां एक ओर जेडीयू में निशांत कुमार की एंट्री को लेकर चर्चा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष भी बदलते राजनीतिक हालात में खुद को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. ऐसे में तेजस्वी यादव द्वारा बुलाई गई महागठबंधन की यह बैठक बिहार की राजनीति में आगे की दिशा तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि इस बैठक में क्या निर्णय लिए जाते हैं और राज्यसभा चुनाव के साथ-साथ आने वाले राजनीतिक घटनाक्रमों को लेकर विपक्ष किस तरह की रणनीति तैयार करता है.