केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में बयान दर्ज कराने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सुल्तानपुर के दीवानी न्यायालय पहुंचे हैं। वह लखनऊ एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से सुल्तानपुर पहुंचे। वहां एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश हुए। उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए कोर्ट ने आज आखिरी मौका दिया था। इस दौरान दीवानी न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। इससे पहले डॉग स्क्वायड ने परिसर की तलाशी ली। सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए एक एएसपी व चार सीओ समेत भारी पुलिस बल को तैनात हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद साल 2018 का है, जब कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस टिप्पणी से नाराज होकर सुल्तानपुर के स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का परिवाद दर्ज कराया था. राहुल गांधी पर अमित शाह की छवि धूमिल करने वाले बयान देने का आरोप है.
कोर्ट का सख्त रुख
पिछली पेशी 19 जनवरी को हुई थी, जिसमें राहुल गांधी उपस्थित नहीं हुए थे. इस पर संज्ञान लेते हुए अदालत ने सख्त रुख अपनाया और उन्हें 20 फरवरी (आज) को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का आदेश दिया था. जज ने स्पष्ट किया था कि यह उपस्थिति का अंतिम अवसर है. राहुल गांधी इस मामले में पहले से ही सुल्तानपुर कोर्ट से जमानत पर चल रहे हैं. संबंधित मामले में राहुल गांधी का एक बयान पहले भी दर्ज किया जा चुका है.







