बिहार में बर्फीली हवा ने कनकनी और ज्यादा बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को 38 जिलों के लिए कोल्ड डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भोजपुर, बेतिया, बगहा, गोपालगंज समेत 20 से ज्यादा शहरों में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी जीरो है। लोग सड़कों पर गाड़ी की लाइट जलाकर चल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, ठंडी पछुआ हवा के कारण न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। 8 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच गया है।
2 से 3 डिग्री नीचे जा सकता है तापमान
बीते 24 घंटे में पटना में कोल्ड डे रहा। शुक्रवार को पटना की सुबह घने कुहासे के साथ तेज ठंडी पछुआ हवा के साथ हुई। स्थिति ये रही कि सुबह 9 बजे तक 100 मीटर के आगे कुछ नहीं दिख रहा था। कुहासा और ठंडी हवाओं के प्रभाव के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। इस कारण शुक्रवार को पटना राज्य में सबसे ठंडा शहर रहा। वहीं जहानाबाद, बेतिया, बगहा, समस्तीपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा दिखा। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और नीचे जा सकता है, जिससे ठंड और अधिक बढ़ेगी।
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि 29 दिसंबर की सुबह तक पटना, मुजफ्फरपुर, गया, पश्चिम चंपारण, कैमूर, किशनगंज, जमुई, सहित पूरे बिहार में अत्यन्त घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है. साथ ही सभी जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति भी बनी रहेगी. इसलिए पूरे बिहार में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
पिछले 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान 14.6°C से लेकर 24.1°C किशनगंज में दर्ज हुआ. शुक्रवार को सबसे सर्द दिन पटना का रहा, जहां दिन का अधिकतम तापमान 14.6°C दर्ज हुआ. इसके अलावा, मुजफ्फरपुर में 15.2°C, जिरादेई और समस्तीपुर में अधिकतम तापमान 15.4°C दर्ज हुआ. शेष जिलों का तापमान 16°C से ऊपर बना रहा.
रात का सबसे कम तापमान 7.4°C सबौर और औरंगाबाद में रिकॉर्ड किया गया. वाल्मीकिनगर, छपरा, डेहरी, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, भागलपुर और अगवानपुर न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया.
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
| पटना | 14.6 | 10 | 167 |
| मुजफ्फरपुर | 15.2 | 12.7 | 201 |
| गयाजी | 20.2 | 7.6 | 167 |
| पूर्णिया | 23.2 | 10.5 | 155 |
| भागलपुर | 21.4 | 7.4 | 125 |
10 फ्लाइट रद्द, पटना और हावड़ा राजधानी 8 घंटे लेट पहुंची
घने कोहरे के कारण शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट से ऑपरेट होने वाली इंडिगो की 5 जोड़ी विमान रद्द हो गए। यही नहीं एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस, स्पाइसजेट और इंडिगो की 16 जोड़ी विमानों का ऑपरेशन एक से दो घंटे देर से हुआ। वहीं, घने कोहरे के कारण कई ट्रेन घंटों लेट पहुंचीं। तेजस राजधानी और हावड़ा राजधानी भी 6 से 8 घंटे लेट पहुंची। संपूर्ण क्रांति 12 घंटे के देर से पटना पहुंची। इससे ठंड में यात्री परेशान रहे।
कोहरे के कारण हैदराबाद-दरभंगा फ्लाइट डायवर्ट
शुक्रवार को घने कोहरे होने के कारण हैदराबाद से दरभंगा आ रही फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट किया गया है। 100 से ज्यादा यात्री कोलकाता में फंस गए। यात्रियों ने फ्लाइट के अंदर ही हंगामा शुरू कर दिया। हैदराबाद से दरभंगा आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 537 को निर्धारित समय दोपहर 2.05 बजे दरभंगा में उतरना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। दरभंगा उतरने वाले यात्री अचानक कोलकाता पहुंच गए।
पहाड़ों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। इसका असर प्रदेश के ऊपर पड़ रहा है और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका परिणाम यह है कि दिन-रात शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
पटना में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी में भी ठंड अधिक महसूस की जा रही है। आज सुबह में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आएगी। दिन में धूप निकलेगी, लेकिन ठंड से राहत नहीं मिलेगी।
पटना में आज भी कोल्ड डे रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, कोल्ड डे में अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान का अंतर काफी कम हो जाता है।
आने वाले 4-5 दिनों तक कोई राहत नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 4 से 5 दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। खासकर उत्तर, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है।28 दिसंबर को राज्य के अधिकांश जिलों के कुछ स्थानों मे घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। 29 दिसंबर को राज्य के उत्तर एवं दक्षिणी पश्चिमी भाग के कुछ स्थानों में घना कोहरा होने की संभावना है। लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की सलाह दी है।
पटना में 30 दिसंबर तक सभी स्कूल बंद
पटना जिले में 8वीं तक की कक्षाएं 30 दिसंबर तक बंद कर दी गई है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने शुक्रवार को इसे लेकर आदेश जारी किया। इसमें प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल है। उन्होंने कहा कि जिले में अत्यधिक ठंड के कारण कम तापमान की स्थिति बनी हुई है। जिसके कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर असर पड़ने की संभावना है।







