बिहार विधानसभा चुनाव से पहले NDA में घमासान मचा है। चिराग पासवान को लेकर घटक दलों में बयानबाजी हो रही है। दरअसल, चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती ने ‘अभिमन्यु’ वाली टिप्पणी की थी। अब इसको लेकर JDU के नीरज कुमार ने चिराग को नसीहत दी है। उन्होंने चिराग का नाम लिए बिना कहा कि अभिमन्यु बनना आसान है, अर्जुन बनना मुश्किल है। इतिहास में नाम काम से लिखा जाता है, जिद से नहीं।
अरुण भारती ने क्या लिखा था
अरुण भारती ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि महाभारत के 4 प्रमुख पात्र जिन्होंने समय का मान नहीं रखा। 1- पितामह भीष्म, 2- महाराज धृतराष्ट्र, 3- महारानी गांधारी, 4- महाराज शकुनि. (नहीं, सभी का सम्मान है। बात सिर्फ समय की है।) जब सब मौन रहे, तब अभिमन्यु- जिसमें अनुभव की कमी थी- चक्रव्यूह में कूदा। क्योंकि समय का मान रखने के लिए अनुभव नहीं, नव-संकल्प चाहिए। इसका मतलब है कि अनुभव से ज्यादा नए विचारों की जरूरत होती है।
जेडीयू ने किया पलटवार
अब इस जेडीयू की ओर से पलटवार किया गया है। नीरज कुमार ने कहा कि अभिमन्यु बनना आसान है, अर्जुन बनना पड़ता है सीखने के लिए। भूलना नहीं चाहिए- अभिमन्यु सिर्फ प्रवेश करता है, वीरगति भी पाता है। इतिहास में नाम जिद से नहीं, कार्य से लिखा जाता है। जो हर बार द्वार तक पहुंचते हैं, वे योद्धा नहीं, द्वारपाल बन जाते हैं।
चिराग ने क्या कहा था
चिराग पासवान ने कहा था कि बिहारी अब और कितनी हत्याओं की भेंट चढ़ेंगे? समझ से परे है कि बिहार पुलिस की जिम्मेदारी क्या है? उन्होंने यह भी कहा था कि हमारा बिहार राजनीतिक कारणों से धीरे-धीरे पिछड़ता गया। हम लोग नालंदा यूनिवर्सिटी पर तब गर्व करते थे, जब शिक्षा के महत्व को विश्व नहीं पहचानता था। लेकिन आज मुझे बहुत दुख होता है कि शिक्षा के लिए हमारे बच्चों को बिहार से बाहर जाना पड़ता है।







